तिरुवनंतपुरम, 21 मई (भाषा) केरल की कांग्रेस नीत यूडीएफ सरकार ने पेरिया दोहरे हत्याकांड के आरोपियों को दी गई पैरोल की बृहस्पतिवार को तत्काल और विस्तृत जांच के आदेश दिए और वरिष्ठ अधिकारियों को यथाशीघ्र रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।
राज्य के गृह विभाग ने बताया कि गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने अपर मुख्य सचिव (गृह) बिश्वनाथ सिन्हा को पैरोल की मंजूरी के सभी पहलुओं की जांच करने के लिए कहा है। इनमें उन परिस्थितियों की भी जांच शामिल है जिनके तहत पैरोल की मंजूरी दी गई और इस संबंध में यथाशीघ्र रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
गृह विभाग ने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला कासरगोड जिले के विवादास्पद पेरिया दोहरे हत्याकांड से संबंधित है, जिसमें 17 फरवरी 2019 को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता कृपेश और सरथ लाल की हत्या कर दी गई थी।
पुलिस के मुताबिक, राजनीति से प्रेरित घटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया और उनकी हत्या कर दी गई। इस मामले में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया और उन पर मुकदमा चलाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, जेल विभाग ने माकपा नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार के सत्ता से हटने से ठीक पहले पैरोल प्रक्रियाओं को मंजूरी दे दी थी।
इस समय मुख्य आरोपी सहित पांच आरोपियों को पैरोल दिए जाने की खबर है।
हालिया घटनाक्रम के बाद, कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार ने अधिकारियों से पूछा है कि पैरोल देने में उचित प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं और क्या इसमें कोई अनियमितता हुई।
उम्मीद की जा रही है कि गृह विभाग की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा धीरज सुभाष
सुभाष