बांद्रा में अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस पर पथराव करने वालों को गिरफ्तार किया गया : फडणवीस

Ads

बांद्रा में अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस पर पथराव करने वालों को गिरफ्तार किया गया : फडणवीस

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 05:50 PM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 05:50 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

मुंबई, 21 मई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को कहा कि मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए जा रहे ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ बुधवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया। स्थिति को नियंत्रण में लाया गया और पत्थरबाजी में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस ने हमले के बाद कार्रवाई की।

बंबई उच्च न्यायालय के आदेश के बाद पश्चिमी रेलवे के अंतर्गत आने वाले बांद्रा रेलवे स्टेशन के पूर्वी हिस्से से सटे गरीब नगर में अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया गया और करीब 500 अवैध ढांचे ध्वस्त कर दिये गए।

पश्चिमी रेलवे ने कहा है कि वह रेलवे बुनियादी ढांचे के विकास के लिए अनधिकृत से उसकी जमीन पर कब्जा कर बनाई गई झुग्गियों को हटाना चाहता था।

अधिकारियों द्वारा बुधवार को कथित तौर पर एक अवैध मस्जिद को ध्वस्त करने के अभियान के दौरान हुई पत्थरबाजी में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हिंसा के संबंध में कम से कम 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

भाषा धीरज मनीषा

मनीषा