(भरत शर्मा)
नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज रिकी पोंटिंग को लगता है कि भारतीय सुपरस्टार रोहित शर्मा और विराट कोहली अक्टूबर-नवंबर 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय विश्व कप तक खेलने के लिए अपनी तरफ से हर मुमकिन कोशिश कर रहे हैं।
पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भारत के ये दोनों पूर्व कप्तान अब सिर्फ एक प्रारूप में खेलते हैं। 50 ओवर के क्रिकेट के अलावा उन्हें अधिकतर खेलने का मौका आईपीएल में ही मिलता है। जहां एक तरफ कोहली ने आईपीएल में अपने निरंतर प्रदर्शन के स्तर को फिर से परिभाषित किया है तो वहीं रोहित ने भी पैर की मांसपेशियों में चोट से जूझने के बावजूद ठीक-ठाक प्रदर्शन किया है।
अपनी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को 2003 और 2007 में दो एकदिवसीय विश्व कप खिताब दिलाने वाले पोंटिंग ने कहा कि कोहली और रोहित जैसे चैंपियनों को कभी कम नहीं आंकना चाहिए।
आईपीएल में पंजाब किंग्स के मुख्य कोच पोंटिंग ने पीटीआई से कहा, ‘‘मैं उन्हें आगे बढ़ते हुए और वहां तक पहुंचने की कोशिश करते हुए देख सकता हूं। चैंपियन खिलाड़ियों के बारे में मैंने हमेशा एक बात कही है कि आप उन्हें कभी मना नहीं कर सकते। आप उन्हें कभी भी कम नहीं आंक सकते।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस आईपीएल में विराट इसका एक और बेहतरीन उदाहरण रहे हैं। वह अब उतना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं जितना वह पहले खेला करते थे लेकिन जीतने का वह जज्बा और चाहत अब भी उनमें बरकरार है। रोहित शर्मा इस आईपीएल में जिस बेहतरीन शारीरिक फिटनेस के साथ उतरे हैं वैसी फिटनेस मैंने शायद पिछले 10 या 12 वर्षों में उनकी कभी नहीं देखी।’’
पोंटिंग ने कहा, ‘‘तो उन खिलाड़ियों में आगे बढ़ने और खुद को जितना हो सके उतना बेहतरीन खिलाड़ी बनाने का जुनून अब भी मौजूद है। तो जैसा कि मैंने कहा, कभी भी ‘नहीं’ मत कहो।’’
एक शतक सहित 13 मैच में 542 रन बनाकर कोहली इस टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों में से एक हैं। पैर की मांसपेशियों में चोट से वापसी के बाद से रोहित मुंबई इंडियंस की टीम में ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के तौर पर खेल रहे हैं। आठ मैच में उन्होंने 283 रन बनाए हैं जिसमें दो अर्धशतक भी शामिल हैं। कोहली और रोहित दोनों ने 160 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।
कोहली और रोहित को अफगानिस्तान के खिलाफ 14 जून से शुरू होने वाली तीन मैच की श्रृंखला के लिए मंगलवार को भारत की टीम में शामिल किया गया। रोहित का चयन हालांकि उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा।
भारतीय टीम के चयनकर्ता एकदिवसीय विश्व कप के लिए इन दोनों के चयन पर टूर्नामेंट शुरू होने के करीब ही फैसला लेंगे और उस समय उनकी फिटनेस तथा फॉर्म को ध्यान में रखेंगे।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने कहा, ‘‘अभी यह कहना बहुत जल्दबाजी होगी कि वे विश्व कप में खेलेंगे या नहीं। अभी इसमें काफी समय बाकी है।’’
भाषा सुधीर मोना
मोना