केरल: प्रख्यात संगीत निर्देशक एसपी वेंकटेश के निधन से शोक की लहर
केरल: प्रख्यात संगीत निर्देशक एसपी वेंकटेश के निधन से शोक की लहर
तिरुवनंतपुरम, तीन फरवरी (भाषा) केरल के फिल्म व संगीत जगत के दिग्गजों के साथ-साथ राजनेताओं ने मंगलवार को लोकप्रिय संगीत निर्देशक एसपी वेंकटेश के निधन पर शोक व्यक्त किया। वेंकटेश (70) का मंगलवार को चेन्नई में निधन हो गया।
वह अपने पीछे एक समृद्ध संगीत विरासत छोड़ गए हैं, जिसने दशकों तक मलयालम सिनेमा को आकार दिया।
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा कि वेंकटेश का निधन केरल की संस्कृति के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
विजयन ने शोक संदेश में संगीतकार को मलयालम फिल्म संगीत की सबसे महत्वपूर्ण हस्तियों में से एक बताया, जिनके सदाबहार गीत आज भी केरलवासियों के दिलों में बसे हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1980-1990 के दशक में वेंकटेश की धुनें मलयालम सिनेमा का अभिन्न अंग थीं और पृष्ठभूमि संगीत के प्रति उनका नवोन्मेषी दृष्टिकोण आज भी प्रभावशाली है।
विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वेंकटेश को हिट गानों के स्वर्ण युग का सितारा करार दिया।
उन्होंने कहा कि वेंकटेश ने अपनी सदाबहार धुनों से केरलवासियों का दिल जीता और फिल्म जगत पर अमिट छाप छोड़ी।
मोहनलाल अभिनीत ऐतिहासिक फिल्म ‘राजवंती मकान ’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस फिल्म ने न केवल अभिनेता को सुपर स्टारडम तक पहुंचाया बल्कि वेंकटेश को एक विशिष्ट संगीतकार के रूप में भी स्थापित किया।
विपक्ष के नेता ने कहा कि वेंकटेश ने सलिल चौधरी और श्याम जैसे महान संगीतकारों की संगीत विरासत को आगे बढ़ाया।
कई फिल्मों में वेंकटेश के साथ मिलकर काम करने वाले निर्देशक जयराज ने कहा कि ‘जॉनी वॉकर’, ‘पैत्रुकम्’, ‘सोपानम’ और ‘हाईवे’ जैसी फिल्मों में संगीतकार का बेमिसाल संगीत कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
वेंकटेश के लिए कई गीत गाने वाले लोकप्रिय पार्श्व गायक एमजी श्रीकुमार ने उनके साथ अपने लंबे जुड़ाव को गहरी भावनाओं के साथ याद किया।
उन्होंने कहा कि संगीतकार के इतने सारे गाने गाना उनके जीवन का सौभाग्य था।
श्रीकुमार ने कहा कि वेंकटेश का संगीत केरलवासियों द्वारा हमेशा याद किया जाएगा।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


