एआई शिखर सम्मेलन में व्यवधान डालने पर यूडीएफ और एलडीएफ को सबक सिखाएगा केरल: जावडेकर
एआई शिखर सम्मेलन में व्यवधान डालने पर यूडीएफ और एलडीएफ को सबक सिखाएगा केरल: जावडेकर
तिरुवनंतपुरम, 21 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और पार्टी के केरल प्रभारी प्रकाश जावडेकर ने शनिवार को कहा कि नयी दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा एआई शिखर सम्मेलन में बाधा डाले जाने के बाद केरल की जनता यूडीएफ और एलडीएफ को सबक सिखाएगी।
जावडेकर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारत ने ‘‘कांग्रेस की राजनीति का सबसे निचला स्तर’’ तब देखा जब उसके ‘‘गुंडे बिना कमीज पहने और बेशर्मी से एआई शिखर सम्मेलन में घुस गए’’।
उन्होंने इसे घोर हताशा का कृत्य बताते हुए आरोप लगाया कि इस तरह की ‘‘भारत विरोधी गतिविधियों’’ से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस ने पार्टी के प्रति लोगों का जो भी विश्वास था, उसे भी खो दिया है।
जावडेकर ने लिखा, ‘‘केरल के लोग यूडीएफ और एलडीएफ को सबक सिखाएंगे। केरलवासियों को इस तरह की हरकतें पसंद नहीं आतीं।’’
जावडेकर ने एक वीडियो संदेश में कहा कि एआई शिखर सम्मेलन में कांग्रेस पार्टी ने जो प्रदर्शन किया, वह उसकी राजनीतिक शैली को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि सैकड़ों देशों के लोग कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के भविष्य पर चर्चा करने के लिए शिखर सम्मेलन में एकत्रित हुए थे और वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और भारतीय प्रतिभा की प्रशंसा कर रहे थे।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘इस पृष्ठभूमि में, इस तरह की हरकतें बिलकुल अस्वीकार्य हैं। यह एक एआई शिखर सम्मेलन था और राहुल गांधी ने इसे भारत विरोधी कार्यक्रम में बदल दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह की राजनीति के कारण केरल की जनता यूडीएफ और एलडीएफ को करारा सबक सिखाएगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में एलडीएफ ने संसद में प्रदर्शन किया। इसलिए वह बच नहीं सकता।’’
युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शुक्रवार को नयी दिल्ली में एआई शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल भारत मंडपम में प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां से हटा दिया।
भाषा नेत्रपाल शोभना
शोभना

Facebook


