कोच्चि हिट-एंड-रन के मामले में फरार आरोपी चिकित्सक के पिता गिरफ्तार
कोच्चि हिट-एंड-रन के मामले में फरार आरोपी चिकित्सक के पिता गिरफ्तार
कोच्चि, छह मार्च (भाषा) कोच्चि के समीप ‘हिट-एंड-रन’ की घटना में 19 वर्षीय लड़की की मौत के बाद फरार हुए आरोपी चिकित्सक के पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
आरोपी डॉ. सीरियाक की तलाश कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने आरोपी को गिरफ्तारी से बचने में मदद करने के आरोप में उसके पिता जॉर्ज मैथ्यू (अथिरामपुझा, कोट्टायम निवासी) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मैथ्यू को अंगमाली थाने बुलाया गया और पूछताछ के बाद उन्हें आरोपी को फरार रहने में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद जॉर्ज ने सीरियाक से मुलाकात कर उसे छिपने में मदद की थी।
अधिकारियों ने बताया कि हिट-एंड-रन की घटना जिस वाहन से हुई थी वह भी मैथ्यू के नाम पर पंजीकृत था।
एडवनक्कड़ निवासी जसलिया जॉनसन (19) 26 फरवारी को शाम करीब साढ़े सात बजे अंगमाली स्थित अपने छात्रावास में लौटते समय कार की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गईं।
यहां एक निजी अस्पताल द्वारा तीन मार्च को लड़की को मस्तिष्कीय रूप से मृत घोषित किए जाने के बाद उसके माता पिता ने उसके यकृत, गुर्दे और आंखों के कॉर्निया दान करने की सहमति दी।
डॉ. सीरियाक, एर्नाकुलम के एक निजी अस्पताल में हाउस सर्जन के रूप में काम कर रहा था।
पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है, लेकिन सीरियाक घटना के बाद से फरार है।
अधिकारियों ने बताया कि जांच दल ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया है और एर्नाकुलम, कोट्टायम तथा इडुक्की जिलों में छापेमारी की है, लेकिन चिकित्सक का अब तक पता नहीं चल पाया है।
सीरियाक ने अग्रिम जमानत के लिए कोट्टायम जिला एवं सत्र न्यायालय में याचिका दायर की है।
भाषा यासिर वैभव
वैभव

Facebook


