बंगाल: कोलकाता में सरकारी इमारत में भीषण आग लगी, भाजपा ने साजिश का आरोप लगाया

बंगाल: कोलकाता में सरकारी इमारत में भीषण आग लगी, भाजपा ने साजिश का आरोप लगाया

बंगाल: कोलकाता में सरकारी इमारत में भीषण आग लगी, भाजपा ने साजिश का आरोप लगाया
Modified Date: June 10, 2026 / 07:20 pm IST
Published Date: June 10, 2026 7:20 pm IST

(तस्वीरों सहित )

कोलकाता, 10 जून (भाषा) कोलकाता में बुधवार सुबह एक नौ मंजिला सरकारी इमारत में भीषण आग लग गई जिसे दमकल की 17 गाड़ियों ने बुझाया। अग्निशमन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इस इमारत में दक्षिण 24 परगना जिले का प्रशासनिक कार्यालय है।

सूत्रों के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस के नेता जहांगीर खान जिला परिषद की सड़क और परिवहन स्थायी समिति के अध्यक्ष हैं तथा उनका कार्यालय इसी इमारत की तीसरी मंज़िल पर था।

भाजपा ने आरोप लगाया है कि आग साज़िश के तहत लगाई गई।

विधानसभा चुनाव के दौरान खुद को ‘पुष्पा’ बताने वाले खान को सोमवार को रंगदारी और अन्य आरोपों में गिरफ़्तार किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि यहां अलीपुर इलाके में पूर्वाह्न करीब नौ बजकर 50 मिनट पर इस इमारत में आग लगी लेकिन उसमें कोई हताहत नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि यह आग भवन के अन्य हिस्सों में फैल गयी तथा ऊपरी तल पर फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

कुछ घंटों बाद, अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। लेकिन दोपहर में सबसे ऊपर की दो मंजिलों पर आग की लपटें उठती नजर आयीं, जिसके कारण आग बुझाने का काम और तेज़ करना पड़ा।

अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने कहा,‘‘ऊपरी मंज़िलों पर आग की नई लपटें देखी गई हैं। आग बुझाने का काम जारी है और दमकल की 17 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।’’

अधिकारियों ने बताया कि आग तीसरी मंज़िल और चौथी मंज़िल से फैली, जहां शुरू में काफी लपटें उठ रही थीं।

उन्होंने बताया कि शुरू में आग बुझाने के काम में रुकावट आई क्योंकि इमारत के आस-पास जगह की कमी के कारण ‘स्काई लैडर’ को उसके करीब नहीं लाया जा सका।

अधिकारियों ने कहा कि आरंभ में बहुत ज़्यादा धुएं के कारण अग्निशमन कर्मियों के लिए सीढ़ियों से इमारत के अंदर जाना मुश्किल हो रहा था। अग्निशमन कर्मियों ने पहले बाहर से पानी की बौछारें कीं और फिर धीरे-धीरे इमारत के अंदर गए।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सही वजह का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

जैसे-जैसे आग फैलती गई, राजनीतिक आरोप भी सामने आने लगे।

केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुकांत मजूमदार ने साजिश की आशंका जताई और दावा किया कि संभवत: सबूत मिटाने की कोशिश की गई। उन्होंने इस घटना की गहन जांच की मांग की।

भाजपा नेता राकेश सिंह ने भी मांग की कि आग लगने की घटना में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं की संभावित भूमिका की जांच की जाए।

भाजपा नेताओं के आरोपों पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश


लेखक के बारे में