भाजपा की ‘धमकियों’, राज्य प्रशासन के ‘दबाव’ के चलते कोलकाता बैठक रद्द हुई: कॉजपा नेता

भाजपा की ‘धमकियों’, राज्य प्रशासन के ‘दबाव’ के चलते कोलकाता बैठक रद्द हुई: कॉजपा नेता

भाजपा की ‘धमकियों’, राज्य प्रशासन के ‘दबाव’ के चलते कोलकाता बैठक रद्द हुई: कॉजपा नेता
Modified Date: August 18, 2026 / 07:39 pm IST
Published Date: August 18, 2026 7:39 pm IST

कोलकाता, 18 अगस्त (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि उत्तर कोलकाता में संगठन की प्रस्तावित बैठक आयोजन स्थल के मालिकों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं की ओर से धमकी मिलने के बाद रद्द कर दी गई। कॉजपा ने दावा किया कि छह अन्य सभागारों के मालिकों ने भी राज्य प्रशासन के “भारी दबाव” का हवाला देते हुए बैठक के आयोजन से इनकार कर दिया।

हालांकि, भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई ने कॉजपा के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए इन्हें खारिज कर दिया।

कॉजपा नेता आशुतोष रांका ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि भारत सभा हॉल में होने वाला कार्यक्रम आयोजन स्थल के मालिकों को धमकी मिलने के बाद रद्द कर दिया गया।

उन्होंने लिखा, “उत्तर कोलकाता के भारत सभा हॉल में प्रस्तावित हमारी कोलकाता बैठक अब रद्द कर दी गई है, क्योंकि हॉल के मालिकों को भाजपा नेताओं की ओर से धमकियां मिलीं। छह अन्य सभागारों ने भी राज्य सरकार के भारी दबाव का हवाला देते हुए इनकार कर दिया है।”

रांका ने दावा किया कि इन घटनाक्रमों से पता चलता है कि भाजपा कॉजपा से “डरती” है। उन्होंने समर्थकों को भरोसा दिलाया कि संगठन जल्द ही एक बड़े कार्यक्रम के साथ वापसी करेगा।

रांका ने कहा, “‘यह इस बात को और पुख्ता करता है कि भाजपा कॉकरोचों से डरती है। हमें बंगाल के प्यारे कॉकरोचों से संवाद करने का मौका नहीं मिल पाएगा, लेकिन हम जल्द ही इससे कहीं बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर इसकी भरपाई करने का वादा करते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि बंगाल के कॉकरोच सरकारी स्कूलों का दौरा जारी रखेंगे और बंगाल सरकार पर उनकी स्थिति सुधारने के लिए दबाव डालेंगे। आप हमें जितना ज्यादा रोकेंगे, हम उतने ही बड़े होते जाएंगे।”

हालांकि, बंगाल भाजपा के एक नेता ने कहा, “कॉजपा के आरोप बेबुनियाद और मनगढ़ंत हैं। हम लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास करते हैं।”

कॉजपा ने शेख अब्दुल की मौत और उसके परिवार पर हुए कथित हमले के सिलसिले में चार मांगें भी रखीं।

संगठन ने अब्दुल के परिजन को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने और उन पर हमले में शामिल सभी लोगों की गिरफ्तारी की मांग की।

कॉजपा के मुताबिक, घटना में 15-20 लोग शामिल थे, लेकिन अब तक सिर्फ चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

संगठन ने कहा कि उसके प्रतिनिधि अब्दुल के घर पर रहेंगे और उसके परिजन का साथ देंगे।

कॉजपा के अनुसार, संगठन ने अब्दुल के परिजन को मुआवजे की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने मांग की कि इसके बजाय अब्दुल के पिता के नाम पर एक स्कूल बनाया जाए।

कॉजपा ने अब्दुल के नाम पर ऑनलाइन फंड इकट्ठा करने की योजना की भी घोषणा की। उसने छात्रों और युवाओं से इस कोष में बढ़-चढ़कर योगदान करने की अपील की।

भाषा पारुल वैभव

वैभव


लेखक के बारे में