बंगाल: पुलिस ने कोलकाता में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ कर नाबालिग और दो महिलाओं को छुड़ाया
बंगाल: पुलिस ने कोलकाता में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ कर नाबालिग और दो महिलाओं को छुड़ाया
कोलकाता, 15 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के दक्षिणी कोलकाता के कस्बा इलाके में पुलिस ने एक होटल में कथित तौर पर चल रहे देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ कर 15 वर्षीय नाबालिग लड़की और दो महिलाओं को मुक्त कराया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में दो मानव तस्कर, होटल का प्रबंधक और रिसेप्शनिस्ट शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) से मिली सूचना के आधार पर की गई, जिसमें होटल से कथित रूप से देह व्यापार चलाए जाने की बात कही गई थी।
अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि ग्राहकों को सोशल मीडिया के जरिए कथित तौर पर फंसाया जाता था, जबकि उपनगरीय इलाकों की लड़कियों और युवतियों को नौकरी का झांसा देकर शहर लाया जाता था और बाद में उन्हें देह व्यापार में धकेल दिया जाता था।
पुलिस ने सूचना के आधार पर जाल बिछाया और होटल में छापेमारी कर नाबालिग लड़की तथा दो महिलाओं को मुक्त करा लिया।
अधिकारी ने बताया, “पुख्ता सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई की गई। दो महिलाओं और एक नाबालिग लड़की को बचाया गया है तथा चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। हम मानव तस्करी के इस नेटवर्क की जांच कर रहे हैं, ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि क्या इसी तरीके से अन्य लोगों को भी निशाना बनाया गया था।”
उन्होंने बताया कि मुक्त कराई गई नाबालिग लड़की को आवश्यक सहायता उपलब्ध करा दी गई है और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार उसे संबंधित प्राधिकारियों के समक्ष पेश किया जाएगा।
भाषा जितेंद्र शोभना
शोभना

Facebook


