कोलकाता पुलिस स्वतंत्र और निष्पक्ष विधानसभा चुनाव सुनिश्चित करने को लेकर प्रतिबद्ध : आयुक्त नंद

कोलकाता पुलिस स्वतंत्र और निष्पक्ष विधानसभा चुनाव सुनिश्चित करने को लेकर प्रतिबद्ध : आयुक्त नंद

कोलकाता पुलिस स्वतंत्र और निष्पक्ष विधानसभा चुनाव सुनिश्चित करने को लेकर प्रतिबद्ध : आयुक्त नंद
Modified Date: March 17, 2026 / 05:05 pm IST
Published Date: March 17, 2026 5:05 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

कोलकाता, 17 मार्च (भाषा) कोलकाता के नव-नियुक्त पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद ने मंगलवार को कहा कि बल अगले महीने होने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दौरान अपने न्यायाधिकार क्षेत्र में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए ‘‘प्रतिबद्ध’’है।

निर्वाचन आयोग ने रविवार को विधानसभा चुनाव की घोषणा करने के बाद 16 मार्च को कोलकाता पुलिस आयुक्त सुप्रतिम सरकार को उनके पद से हटा दिया था और उनके स्थान पर नंद को नियुक्त किया है।

निर्वाचन आयोग ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सहित राज्य के शीर्ष नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों के भी तबादले किए।

राज्य में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा बार-बार दिए गए आश्वासन के बारे में पूछे जाने पर नंद ने कहा, ‘‘हम प्रतिबद्ध हैं… यह हमारी जिम्मेदारी है।’’ राज्य में पूर्व में हुए चुनावों में हिंसा देखी गई थी।

नंद ने कहा कि उचित समय आने पर सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि यह पुलिस बल के शीर्ष अधिकारियों पर भी निर्भर करता है, ‘‘लेकिन पुलिस आयुक्त के रूप में, मुझे बल को नेतृत्व प्रदान करना होगा, सभी आवश्यक सहायता प्रदान करनी होगी, उन्हें किसी भी प्रकार के अनुचित दबाव से बचाना होगा और रणनीतिक मार्गदर्शन देना होगा।’’

नंद ने कहा कि केंद्रीय बलों की 30 कंपनियों को पहले ही कोलकाता पुलिस क्षेत्र में तैनात किया जा चुका है।

उन्होंने केंद्रीय बलों और स्थानीय पुलिस के बीच ‘‘निर्बाध समन्वय’’ होने का दावा करते हुए कहा कि इसे सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं।

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे और मतगणना की तारीख चार मई तय की गई है।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में