कोटा की मेडिकल छात्रा को एसीपी का ‘रिसर्चर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार मिला

Ads

कोटा की मेडिकल छात्रा को एसीपी का ‘रिसर्चर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार मिला

  •  
  • Publish Date - September 14, 2026 / 04:10 PM IST,
    Updated On - September 14, 2026 / 04:10 PM IST

कोटा, 14 सितंबर (भाषा) राजकीय मेडिकल कॉलेज कोटा (जीएमसीके) की अंतिम वर्ष की छात्रा डॉ. कोमल वर्मा सलूजा को ‘अमेरिकन कॉलेज ऑफ फिजिशियंस’ (एसीपी) की भारतीय शाखा द्वारा ‘रिसर्चर ऑफ द ईयर अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है।

सलूजा को यह पुरस्कार शनिवार शाम इंदौर में अमेरिका में एसीपी के ग्लोबल एंबेसडर और इसके बोर्ड ऑफ रीजेंट्स के सदस्य डॉ. नोएल एन दीप तथा टेनेसी में मेडिसिन की डीन डॉ. मुक्ता पांडा द्वारा प्रदान किया गया।

एसीपी सम्मान प्राप्त करने वालों में सलूजा सबसे कम उम्र की हैं और पहली मेडिकल छात्रा हैं।

सलूजा के शोध संग्रह में वैश्विक स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान करने वाले दो अध्ययन शामिल हैं।

‘नेचर साइंटिफिक रिपोर्ट’ में प्रकाशित एक अध्ययन में मस्तिष्क के एमआरआई स्कैन से कॉर्टेक्स की मोटाई मापने वाली फ्रीसर्फर-आधारित प्रौद्योगिकी के जरिए एक ऐसे संकेतक की पहचान की गई है, जो टाइप-दो मधुमेह से पीड़ित मरीजों में संज्ञानात्मक क्षमता में शुरुआती गिरावट का पता लगाने में मदद कर सकता है।

एक अन्य अध्ययन में उन्होंने नियमित इकोकार्डियोग्राफी के दौरान ही मेटाबोलिक डिसफंक्शन से जुड़ी फैटी लिवर बीमारी (एमएएसएलडी) की पहचान करने के लिए एक निदान पद्धति विकसित की।

सलूजा को यकृत रोगों की जांच के क्षेत्र में उनके कार्य के लिए ‘अमेरिकन कॉलेज ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी’ की आगामी वार्षिक बैठक में मौखिक प्रस्तुति के लिए अपने शोध का सार प्रस्तुत करने हेतु चुना गया है। इसके साथ ही, टेनेसी के नैशविल में होने वाली इस बैठक में भाग लेने के लिए उन्हें कॉलेज की ओर से 2,000 अमेरिकी डॉलर का अंतरराष्ट्रीय यात्रा अनुदान भी मिला है।

सलूजा ने आभार व्यक्त करते हुए यह सम्मान जीएमसीके के शिक्षकों को समर्पित किया और उनके मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भविष्य में उनके शोध कार्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरणा का काम करेगा।

जीएमसीके के प्राचार्य डॉ. नीलेश जैन ने सलूजा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि संस्था के लिए गर्व की बात है और यह अन्य छात्रों को शोध गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।

कॉलेज के अनुसार, सलूजा ने नीट-यूजी 2020 में 67वीं रैंक हासिल की थी और अपनी एमबीबीएस व्यावसायिक परीक्षाओं में हमेशा विश्वविद्यालय में शीर्ष स्थान पर रही है। उन्होंने 2023 में राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय एमबीबीएस व्यावसायिक परीक्षा में भी सबसे ज्यादा अंक हासिल किए।

वह भारत-अमेरिका विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंच के तहत जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा एक शोध छात्रवृत्ति ‘खुराना प्रोग्राम ऑफ स्कॉलर्स’ के लिए चुनी गई राजस्थान की पहली मेडिकल छात्रा हैं।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने इससे पहले जोधपुर के मेहरानगढ़ किले में आयोजित ‘एट होम’ समारोह में उन्हें प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया था।

भाषा खारी नरेश

नरेश