चंडीगढ़, 14 सितंबर (भाषा) पंजाब भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव से मुलाकात की और 18 से 30 सितंबर तक राज्य भर में होने वाली पार्टी की चार ‘नशा मुक्त पंजाब यात्राओं’ के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने की मांग की।
पार्टी पंजाब में मादक पदार्थों के खतरे के खिलाफ लोगों में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से राज्य में चार यात्राएं निकालेगी। केंद्रीय मंत्री अमित शाह, शिवराज सिंह चौहान, अर्जुन मेघवाल और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित वरिष्ठ भाजपा नेता विभिन्न स्थानों पर इन यात्राओं में शामिल होंगे।
पंजाब भाजपा प्रमुख केवल सिंह ढिल्लों ने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। परमिंदर सिंह बराड़ और विनीत जोशी समेत कई अन्य नेता भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे।
नवीन 18 सितंबर को पठानकोट जिले के सुजानपुर में एकता स्थल, माधोपुर से पहली यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। अन्य तीन यात्राएं 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब, 20 सितंबर को फाजिल्का और 21 सितंबर को तलवंडी साबो से शुरू होंगी।
पंजाब भाजपा प्रमुख ढिल्लों ने डीजीपी को लिखा कि केंद्रीय मंत्री चौहान और मेघवाल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य वरिष्ठ नेता भी विभिन्न स्थानों पर यात्रा में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि 30 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री शाह का ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन कार्यक्रम के लिए जालंधर जाने का कार्यक्रम है।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रस्तावित यात्राओं की प्रकृति और पैमाने को देखते हुए, तथा वरिष्ठ नेताओं की भागीदारी और आम जनता की अपेक्षित भीड़ को देखते हुए, कार्यक्रमों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित पुलिस अधिकारियों के बीच घनिष्ठ समन्वय की आवश्यकता है।’
ढिल्लों ने अनुरोध किया कि शुरुआती और समापन स्थानों सहित पूरे मार्ग पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए।
उन्होंने कहा कि संबंधित जिला पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय में आवश्यक यातायात प्रबंधन व्यवस्था भी की जा सकती है ताकि सुचारू यात्रा सुनिश्चित की जा सके और आम जनता को असुविधा कम हो।
भाषा अविनाश रंजन
रंजन