इंफाल, 14 सितंबर (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने सोमवार को संविदा कर्मचारियों से अपील की कि वे सही तरीकों से अपनी नौकरी स्थायी कराने की कोशिश करें और इस काम के लिए रिश्वत कतई न दें।
मुख्यमंत्री ने यह अपील यहां जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान (जेएनआईएमएस) में विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास से संबंधित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए की।
नर्सों की नौकरी स्थायी करने के लिए कथित तौर पर रिश्वत लिए जाने की खबरों पर चिंता जताते हुए सिंह ने कहा कि जिन कर्मचारियों ने विशेष रूप से कोविड-19 महामारी के दौरान अपनी ओर से समर्पित सेवाएं दी हैं, उन्हें स्थायी होने के लिए भ्रष्ट तरीकों का सहारा नहीं लेना चाहिए।
उन्होंने बताया कि खासकर कोविड-19 के दौर में स्वास्थ्य क्षेत्र की बढ़ती जिम्मेदारियों और जरूरतों को देखते हुए राज्य में 200 से अधिक नर्सों की संविदा के आधार पर नियुक्ति की गई थी।
उन्होंने नर्सों और अन्य संविदा कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे सच्ची सेवा और योगदान को सही, पारदर्शी व वैध तरीकों से सरकार के सामने रखें।
सिंह ने कहा कि सरकार उन कर्मचारियों का समर्थन करेगी जो ईमानदारी, समर्पण और सम्मान के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थायी नौकरी से जुड़ी जायज चिंताओं पर उचित प्रक्रिया के तहत विचार किया जाएगा।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप