JARKIHOLI STATEMENT ON HINDU
बेंगलुरु। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के प्रमुख सतीश लक्ष्मणराव जारकीहोली की एक गलत टिप्पणी से हड़कंप मचा हुआ है। उन्होंने रविवार को बेलगावी जिले में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि ‘हिंदू’ शब्द भारत से नहीं बल्कि फारस से आया, इसका अर्थ ‘भयानक’ है। इस शब्द का भारत से क्या संबंध? उनकी इस टिप्पणी वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि कांग्रेस पार्टी ने इस टिप्पणी के लिए अपने ही नेता की निंदा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण कहा है। कांग्रेस के नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि हम स्पष्ट रूप से इस बयान की निंदा करते हैं।
बेलगावी जिले में एक कार्यक्रम के दौरान केपीसीसी के प्रमुख सतीश जारकीहोली ने कहा कि ‘हिंदू’ शब्द कहां से आया है? यह फारस से आया है… तो, भारत के साथ इसका क्या संबंध है? आपका ‘हिंदू’ कैसा है? वॉट्सऐप, विकिपीडिया पर चेक करें, ये आपका टर्म नहीं है। आप इसे एक आधार पर क्यों रखना चाहते हैं? … इसका अर्थ भयानक है।’ इस बयान के बाद से राज्य और राज्य के बाहर विवाद हो रहा है। हिंदू संगठनों और भारतीय जनता पार्टी ने एक सुर में इस बयान की निंदा की है और इसको लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है।
इधर, कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने पार्टी की ओर से सतीश जारकीहोली की टिप्पणी की निंदा की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि यह बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और खारिज किए जाने योग्य है। हम स्पष्ट रूप से इसकी निंदा करते हैं। उन्होंने हिंदू धर्म का बचाव करते हुए कहा कि यह जीवन का एक तरीका है और एक सभ्यतागत वास्तविकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हर धर्म, आस्था और आस्था का सम्मान करने के लिए भारत का निर्माण किया।
सतीश जारकीहोली के बयान वाले वीडियो को सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से शेयर किया गया था। इसका लोगों के साथ-साथ भाजपा ने भी विरोध किया। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने जारकीहोली द्वारा की गई टिप्पणी की ट्विटर पर आलोचना की और कहा कि यह वीडियो हिंदुओं को भड़काता है और उनका अपमान करता है। उन्होंने कहा, ‘हिंदू आतंक से लेकर राम मंदिर का विरोध करने से लेकर गीता को जिहाद से जोड़ने तक, यह संयोग नहीं बल्कि वोटबैंक का उद्योग है।’ गौरतलब है कि कांग्रेस नेता जारकीहोली, कर्नाटक की पिछली कांग्रेस सरकार में वन मंत्री भी रह चुके हैं।