कुमारस्वामी ने लोगों से एनआईसीई रोड कॉरिडोर पर टोल न देने की अपील की

Ads

कुमारस्वामी ने लोगों से एनआईसीई रोड कॉरिडोर पर टोल न देने की अपील की

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 09:19 PM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 09:19 PM IST

बेंगलुरु, आठ अगस्त (भाषा) केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने शनिवार को लोगों से यहां एनआईसीई रोड कॉरिडोर पर टोल नहीं देने की अपील की।

जनता दल (सेक्युलर) के नेता कुमारस्वामी ने ‘नंदी इन्फ्रास्ट्रक्चर कॉरिडोर एंटरप्राइजेज’ (एनआईसीई) मार्ग पर टोल वसूले जाने पर रोक लगाने के लिए 10 दिन की समयसीमा भी तय की।

पार्टी शुरुआत से ही इस परियोजना का विरोध कर रही है और इसमें अनियमितता व धोखाधड़ी का आरोप लगाती रही है।

कुमारस्वामी ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं बेंगलुरु के लोगों से अपील करता हूं कि वे एनआईसीई रोड पर टोल देना बंद करें। हमने टोल के जरिए लोगों से पैसा वसूलने वाली सरकार को रोकने का फैसला किया है। हम एक सप्ताह या 10 दिन की समयसीमा दे रहे हैं।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जद (एस) और भाजपा दोनों के सदस्यों से कर्नाटक विधानसभा में इस मुद्दे को उठाने की अपील की है।

एनआईसीई के अलावा, पार्टी ने एआई आधारित बिदादी टाउनशिप परियोजना का भी विरोध करने का फैसला किया है।

कुमारस्वामी ने कहा, ‘‘अगर सरकार कोई कार्रवाई नहीं करती है तो हम टोल वसूली रोकने के लिए आंदोलन शुरू करेंगे। मैंने लोगों से हाथ जोड़कर अपील की है कि वे आज से ही टोल का भुगतान न करें।’’

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे ने कहा कि जब पूरे देश में टोल दरें बढ़ाई गईं, तब भाजपा के किसी भी नेता ने कभी विरोध प्रदर्शन नहीं किया।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमआरसीएल) मेट्रो किराये में एक रुपये की भी बढ़ोतरी करती है, तो पूरी भाजपा आकर प्रदर्शन करती है तथा पूछती है कि किराया क्यों और कैसे बढ़ाया गया। टोल दरों में बढ़ोतरी हुई है। इसके लिए कौन जिम्मेदार है?’’

उन्होंने यह भी पूछा कि मेट्रो किराया बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले भाजपा नेता अब कहां गायब हो गए हैं।

भाषा जोहेब नेत्रपाल

नेत्रपाल