लद्दाख भारत की पहली अत्यधिक ऊंचाई वाली वन्यजीव सफारी शुरू करेगा

Ads

लद्दाख भारत की पहली अत्यधिक ऊंचाई वाली वन्यजीव सफारी शुरू करेगा

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 06:07 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 06:07 PM IST

लेह/जम्मू, छह अगस्त (भाषा) भारत की पहली अत्यधिक ऊंचाई वाली वन्यजीव सफारी लद्दाख में शुरू होने जा रही है। उपराज्यपाल (एलजी) विनय कुमार सक्सेना ने स्थानीय समुदायों को वन्यजीव संरक्षण और आर्थिक विकास में समान भागीदार बनाने तथा सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हिम तेंदुआ और पक्षी अवलोकन मार्गों पर गाइड के साथ जीप सफारी को मंजूरी दे दी है।

अधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय नवगठित ‘हिम तेंदुआ और उच्च पर्वतीय प्रकृति’ (एसएचएएन) संरक्षण सोसाइटी की पहली शासी निकाय की बैठक में लिया गया। इस बैठक की अध्यक्षता उपराज्यपाल ने की थी।

उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत वन विभाग को काजीरंगा और रणथंभौर जैसे राष्ट्रीय उद्यानों में संचालित सफारी की तर्ज पर गाइड के साथ जीप सफारी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए ऐसे विशेष वाहनों का इस्तेमाल किया जाएगा, जिनका पिछला हिस्सा खुला होगा, जिनका संचालन प्रशिक्षित स्थानीय चालक और गाइड करेंगे।

अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य निर्धारित मार्गों से हटकर वाहन चलाने पर रोक लगाना और वन्यजीवों को होने वाले व्यवधान को कम करना है। इसके साथ ही इसका लक्ष्य विनियमित और पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन के माध्यम से पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाना भी है।

भाषा

प्रचेता पवनेश

पवनेश