लेडी श्रीराम कॉलेज में नियमित कक्षाएं फिर शुरू

लेडी श्रीराम कॉलेज में नियमित कक्षाएं फिर शुरू

लेडी श्रीराम कॉलेज में नियमित कक्षाएं फिर शुरू
Modified Date: September 24, 2026 / 11:03 am IST
Published Date: September 24, 2026 11:03 am IST

नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वुमेन (एलएसआर) में बृहस्पतिवार को नियमित कक्षाएं फिर शुरू हो गईं।

कॉलेज से करीब दो किलोमीटर दूर आस्था कुंज पार्क में नाबालिग लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता के कारण दो दिन पहले कक्षाएं रद्द कर दी गई थीं।

कॉलेज ने मंगलवार को कक्षाएं रद्द कर दी थीं और बुधवार की कक्षाएं ऑनलाइन संचालित की थीं।

सोमवार शाम को 17 वर्षीय लड़की से कालकाजी मंदिर के पास स्थित आस्था कुंज पार्क में तीन लोगों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद छात्राओं और कॉलेज समुदाय में क्षेत्र में, खासकर शाम के समय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।

कई छात्राओं ने बुधवार को एकजुटता मार्च में भी हिस्सा लिया। उन्होंने बेहतर सुरक्षा बुनियादी ढांचे की मांग की और सोमवार की घटना से पहले से बनी हुई सुरक्षा संबंधी कई चिंताओं को भी उठाया।

कॉलेज प्रशासन घटना के बाद उत्पन्न चिंताओं को दूर करने और छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े उपायों पर चर्चा करने के लिए उनसे तथा शिक्षकों के साथ बैठकें कर रहा है।

एलएसआर कॉलेज की प्राचार्य कनिका के. आहूजा ने इससे पहले कहा था कि बृहस्पतिवार से ऑफलाइन कक्षाएं फिर शुरू हो जाएंगी।

उन्होंने कहा था कि कॉलेज की प्राथमिकता अपनी छात्राओं की ‘‘सुरक्षा, संरक्षा और कुशलक्षेम’’ है तथा फैकल्टी मेंटर और कॉलेज काउंसलर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए मौजूद रहेंगे।

भाषा गोला संतोष

संतोष


लेखक के बारे में