ओडेन्से (डेनमार्क), 16 अक्टूबर (भाषा) शीर्ष भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने बृहस्पतिवार को दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी और स्थानीय प्रबल दावेदार एंडर्स एंटोनसेन को सीधे गेम में हराकर डेनमार्क ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
दुनिया के 21वें नंबर के खिलाड़ी सेन ने दूसरे दौर के मैच में दूसरे वरीय डेनमार्क के खिलाड़ी एंटोनसेन को 53 मिनट तक चले मैच में 21-13, 21-14 से हराया।
क्वार्टर फाइनल में सेन का सामना चीन के वेंग होंग यांग और फ्रांस के एलेक्स लेनियर के बीच होने वाले दूसरे दौर के मुकाबले के विजेता से होगा।
सेन ने बुधवार को पहले दौर में आयरलैंड के नहत गुयेन को हराया था।
वहीं भारत के सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार युगल जोड़ी ने भी दूसरे दौर के मैच में ली झे-हुई और यांग पो-ह्सुआन की चीनी ताइपे की जोड़ी को 41 मिनट तक चले मुकाबले में 21-19, 21-17 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
टूर्नामेंट में छठी वरीयता प्राप्त सात्विक-चिराग की जोड़ी ने बुधवार को पहले दौर में स्कॉटलैंड के क्रिस्टोफर ग्रिमली और मैथ्यू ग्रिमली को हराया था।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर