गुवाहाटी में कई स्थानों पर भूस्खलन, बारिश की आशंका के बीच लोगों को सतर्क रहने की सलाह
गुवाहाटी में कई स्थानों पर भूस्खलन, बारिश की आशंका के बीच लोगों को सतर्क रहने की सलाह
गुवाहाटी, 20 जुलाई (भाषा) गुवाहाटी में सोमवार को कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं हुईं। इस बीच, प्राधिकारियों ने अगले 24 घंटों में शहर में और बारिश होने की चेतावनी जारी की है, जिससे स्थिति और बिगड़ने की आशंका है।
कामरूप मेट्रोपालिटन के जिला आयुक्त स्वप्नील पॉल ने बताया कि कम से कम पांच स्थानों पर भूस्खलन की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की अब तक कोई जानकारी नहीं है।
उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में प्रशांति लॉज के आगे कामाख्या मुख्य मार्ग, गणेश मंदिर के पास कामाख्या कॉलोनी, पानी के टैंकर के निकट पश्चिम कामाख्या गांव, पांडु टेंपल घाट और मालीगांव का माधवदेवनगर शामिल हैं।
पॉल ने कहा कि लोगों को जिले के पहाड़ी इलाकों, विशेष रूप से मालीगांव और पांडु क्षेत्र में, अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
उन्होंने कहा कि बार-बार हो रहे भूस्खलन के कारण कामाख्या मंदिर जाने वाले मार्ग पर यातायात को नियंत्रित किया जा सकता है, जिससे श्रद्धालुओं को मंदिर पहुंचने में देरी हो सकती है।
इस बीच, असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान का हवाला देते हुए गुवाहाटी में गरज-चमक के साथ अगले 24 घंटों के दौरान मध्यम से भारी वर्षा (6 से 12 सेंटीमीटर) होने की चेतावनी दी है।
एएसडीएमए ने कहा कि संभावित वर्षा से जलभराव, शहरी क्षेत्र में बाढ़, अचानक बाढ़, यातायात जाम और संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।
जिला प्रशासन और एएसडीएमए ने कहा कि वे स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को सतर्क रखा गया है।
निचले इलाकों और पहाड़ी ढलानों पर रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने तथा बाढ़ या भूस्खलन के संकेतों पर नजर रखने को कहा गया है।
एएसडीएमए ने मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए सरकारी और निजी संस्थानों से, जहां संभव हो, कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देने का भी अनुरोध किया है।
प्राधिकरण ने लोगों को भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा अधिकारियों द्वारा जारी मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट और परामर्श का पालन करने की सलाह दी है।
भाषा अमित नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


