नयी दिल्ली, 11 अप्रैल (भाषा) माकपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश करात ने शनिवार को वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के केरल में सत्ता बरकरार रखने का भरोसा व्यक्त करते हुए कहा कि मतदान प्रक्रिया से मिली शुरुआती रिपोर्ट से गठबंधन के लिए अनुकूल परिणाम का संकेत मिल रहा है।
राज्य में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों के बारे में पूछे जाने पर करात ने (जीत की) उम्मीद व्यक्त की।
करात ने यहां एक कार्यक्रम से इतर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “केरल में मतदान समाप्त हो चुका है, और सभी रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि एलडीएफ ने अच्छा प्रदर्शन किया है, और हम एलडीएफ सरकार की वापसी की उम्मीद करते हैं।”
केरल विधानसभा चुनाव के लिए एक ही चरण में मतदान 9 अप्रैल को हुआ। इस चुनाव में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले एलडीएफ और कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के बीच एक कड़ा मुकाबला है।
एलडीएफ लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रहा है। अगर ऐसा होता है, तो केरल के राजनीतिक परिदृश्य में यह एक दुर्लभ उपलब्धि होगी, जहां परंपरागत रूप से एलडीएफ और यूडीएफ के बीच सत्ता बारी-बारी से बदलती रही है। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी उपस्थिति को मजबूत करने के लिये पुरजोर प्रयास किया, जिससे परिदृश्य त्रिकोणीय मुकाबले में बदलता दिखा।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप