जीजीएस इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय की प्रो. सरोज शर्मा रांची विवि की कुलपति नियुक्त

Ads

जीजीएस इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय की प्रो. सरोज शर्मा रांची विवि की कुलपति नियुक्त

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 07:33 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 07:33 PM IST

नयी दिल्ली, 11 अप्रैल (भाषा) गुरु गोबिंद सिंह (जीजीएस) इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, नयी दिल्ली की प्रोफेसर सरोज शर्मा झारखंड स्थित रांची विश्वविद्यालय की नयी कुलपति होंगी। झारखंड लोकभवन ने यह जानकारी दी।

लोकभवन द्वारा शुक्रवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, झारखंड के राज्यपाल-सह-कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम की धारा 10 (2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए प्रो. सरोज शर्मा को रांची विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है। अधिसूचना के अनुसार, प्रो. सरोज शर्मा की नियुक्ति उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी।

वृहद शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव रखने वाली प्रोफेसर सरोज शर्मा फिलहाल नयी दिल्ली स्थित जीजीएस इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के द्वारका परिसर में शिक्षा संकाय की प्रोफेसर और डीन के रूप में कार्यरत हैं।

प्रो. शर्मा इससे पहले भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संस्थान राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी संस्थान (एनआईओएस) की अध्यक्ष रह चुकी हैं। वह राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के निर्माण के लिए राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) द्वारा गठित परामर्श समिति की सदस्य भी रहीं। प्रो. शर्मा शिक्षा कार्यक्रम संचालित करने वाले संस्थानों की अध्यक्ष और सलाहकार भी रही हैं।

भाषा पवनेश दिलीप

दिलीप