उप्र : नकली सोना गिरवी रखकर ऋण लेने के लिए 16 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Ads

उप्र : नकली सोना गिरवी रखकर ऋण लेने के लिए 16 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 07:23 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 07:23 PM IST

प्रयागराज, 11 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सिविल लाइंस स्थित केनरा बैंक में नकली सोना गिरवी रखकर लाखों रुपये का ऋण लेने के आरोप में पुलिस ने दो स्वर्ण परीक्षकों समेत 16 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।

सिविल लाइंस थाना के प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख एवं महाप्रबंधक पंकज वर्मा की तहरीर पर शुक्रवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 (4) (धोखाधड़ी से संपत्ति प्राप्त करना) के तहत मामला दर्ज किया गया।

शिकायत के अनुसार, बैंक के पैनल में शामिल स्वर्ण परीक्षक विष्णु वर्मा ने गोल्ड लोन के लिए गिरवी रखे गए सोने की जांच कर उसे शुद्ध बताया, जिसके आधार पर 16 लोगों को ऋण प्रदान किया गया। इसके बाद पैनल के ही एक अन्य स्वर्ण परीक्षक कौशल किशोर वर्मा ने भी सोने की दोबारा जांच कर उसे शुद्ध घोषित किया।

हालांकि, बैंक के दिशानिर्देशों के तहत जब तीन जुलाई 2025 को स्वर्ण परीक्षक सुधांशु वर्मा और 15 जुलाई 2025 को शिव कुमार वर्मा से सोने की पुनः जांच कराई गई, तो वह नकली पाया गया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में स्वर्ण परीक्षक विष्णु वर्मा (प्रयागराज) और कौशल किशोर (संत कबीर नगर) समेत कुल 16 आरोपियों को नामजद किया गया है। इनमें भदोही के पांच और प्रयागराज के नौ अन्य आरोपी शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

राजेंद्र रवि कांत