नेता प्रतिपक्ष सतीशन को मेरे खिलाफ साइबर हमलों की जानकारी थी: माकपा नेता
नेता प्रतिपक्ष सतीशन को मेरे खिलाफ साइबर हमलों की जानकारी थी: माकपा नेता
कोच्चि, 19 सितंबर (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता के. जे. शाइन ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि उनके और वाइपिन विधायक के. एन. उन्नीकृष्णन को निशाना बनाते हुए सोशल मीडिया पर अपमानजनक पोस्ट केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन की जानकारी में ही की गई थी।
हाल में सोशल मीडिया पर दोनों वामपंथी नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट सामने आए थे।
उत्तर परवूर स्थित अपने आवास पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान शाइन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के सोशल मीडिया मंच का प्रबंधन संभालने वाले सी. के. गोपालकृष्णन ने उन्हें सोशल मीडिया पर निशाना बनाया।
माकपा नेता ने आरोप लगाया कि उत्तर परवूर से विधायक सतीशन को इस कथित अभियान की जानकारी थी।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि उनकी जानकारी के बिना ऐसा नहीं हो सकता। वरना, वह इसे रोक देते।’’
कांग्रेस नेता सतीशन ने इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
शाइन ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक और महिला आयोग को शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने मुझसे संपर्क किया था। मैंने पुलिस को सारे सबूत दे दिए हैं और जांच शुरू हो गई है।’’
इस बीच, विधायक के. एन. उन्नीकृष्णन ने बृहस्पतिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह इन आरोपों का कानूनी और राजनीतिक रूप से जवाब देंगे।
उन्होंने कहा कि फर्जी फेसबुक पोस्ट राजनीतिक स्वार्थ से की गई थी, जिसका मकसद उनका राजनीतिक करियर खत्म करना था।
एर्नाकुलम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद शियास ने इन आरोपों का खंडन किया और कहा कि यह बदनाम करने की मुहिम वामपंथी पार्टी के अंदर की गुटबाजी का नतीजा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस या उसके नेताओं की इसमें कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने यह सवाल उठाया कि सोशल मीडिया पर दूसरों द्वारा फैलाए जा रहे किसी भी दुष्प्रचार के लिए उनकी पार्टी को कैसे दोषी ठहराया जा सकता है।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा

Facebook


