नयी तकनीक और नवाचारों में अग्रणी राष्ट्र ही करते हैं दुनिया का नेतृत्व : भजनलाल शर्मा

नयी तकनीक और नवाचारों में अग्रणी राष्ट्र ही करते हैं दुनिया का नेतृत्व : भजनलाल शर्मा

नयी तकनीक और नवाचारों में अग्रणी राष्ट्र ही करते हैं दुनिया का नेतृत्व :  भजनलाल शर्मा
Modified Date: October 11, 2025 / 08:41 pm IST
Published Date: October 11, 2025 8:41 pm IST

जयपुर, 11 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि नयी तकनीक और नवाचारों में अग्रणी बनने वाले देश ही दुनिया का नेतृत्व करते हैं।

शर्मा ने यहां मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि हमें अपनी कर्मशीलता को प्रयोगशालाओं, स्टार्टअप, उद्योगों और कक्षाओं तक लेकर जाना है तथा भविष्य सेमीकंडक्टर, क्वांटम कंप्यूटर, नवीकरणीय ऊर्जा प्रणालियां तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता का है और वैज्ञानिक, प्रौद्योगिकीविद्, रणनीतिकार और नवप्रवर्तक भविष्य के नायक होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रौद्योगिकी वह कुंजी है जो समृद्धि, सुरक्षा और सम्मान के द्वार खोलती है।

शर्मा ने कहा कि एमएनआईटी अब ज्ञान, नवाचार और राष्ट्रसेवा का प्रतीक बन चुका है। यह युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे इस विरासत को आगे बढ़ाएं और भारत को केवल तकनीक का उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि निर्माता भी बनाएं।

उन्होंने कहा कि सरकार की स्टार्टअप नीति ने राज्य के युवाओं को नवाचार और उद्यमिता के नए अवसर प्रदान किए हैं। सरकार ने बारहवीं कक्षा के तुरंत बाद राज्य के युवाओं के लिए कौशल उन्नयन और रोजगार के अवसर पैदा करने के उद्देश्य से अर्ली करियर प्रोग्राम (टेकबी) शुरू किया है।

मुख्यमंत्री ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 21 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक पहनाकर डिग्रियां प्रदान की।

भाषा

पृथ्वी

रवि कांत


लेखक के बारे में