निर्वाचन आयोग मुख्यालय के बाहर वाम दलों का प्रदर्शन, सीईसी का इस्तीफा मांगा

Ads

निर्वाचन आयोग मुख्यालय के बाहर वाम दलों का प्रदर्शन, सीईसी का इस्तीफा मांगा

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 07:12 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 07:12 PM IST

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) वाम दलों के नेताओं ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जारी विवाद के बीच मंगलवार को यहां निर्वाचन आयोग मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी, वृंदा करात, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) नेता निशा सिद्धू तथा भाकपा (माले) लिबरेशन की केंद्रीय समिति की सदस्य सुचेता डे और श्वेता राज समेत अन्य नेता शामिल हुए।

इस अवसर पर बेबी ने कहा, ‘‘ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए या उन्हें हटाया जाना चाहिए। हम उन्हें पद पर बने रहने की अनुमति नहीं दे सकते।’’

प्रदर्शनकारियों ने ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग करते हुए नारे लगाए। कुछ देर बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

माकपा, भाकपा, भाकपा (माले) लिबरेशन, आरएसपी और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने निर्वाचन आयोग के कामकाज और एसआईआर प्रक्रिया के विरोध में 26 सितंबर से दो अक्टूबर तक सप्ताह भर के विरोध कार्यक्रमों की घोषणा की है।

भाषा हक

हक अविनाश

अविनाश