देहरादून, 29 अगस्त (भाषा) उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के रैफल होम क्षेत्र में गत एक-दो दिन से एक तेंदुए को चहलकदमी करता देखा जा रहा है जिससे लोगों में दहशत फैल गयी है।
उत्तराखंड के मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक समीर सिन्हा ने मंगलवार को बताया कि मसूरी वन प्रभाग के अधिकारियों ने मौके पर जाकर हालात का मुआयना किया है और उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया है।
क्षेत्र के एक निवासी केदार दत्त ने बताया कि तेंदुए की मौजूदगी के कारण रात को घर से बाहर निकलनें में लोगों को डर लग रहा है। उन्होंने दावा किया कि तेंदुए ने क्षेत्र में एक कुत्ते का शिकार भी किया है।
लोगों ने बताया कि साल के घने जंगलों वाले लाडपुर क्षेत्र में पहली बार तेंदुआ देखा गया है। हालांकि, दो-तीन साल पहले इस क्षेत्र में एक हाथी घुस आया था जिसे वन विभाग की टीम ने भगा दिया था।
भाषा दीप्ति दीप्ति धीरज
धीरज