शराब परिवहन मामला : ईडी ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री के बेटे को गिरफ्तार किया
शराब परिवहन मामला : ईडी ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री के बेटे को गिरफ्तार किया
हैदराबाद, 18 जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय ने आंध्र प्रदेश की पूर्ववती सरकार के दौरान शराब परिवहन में हुई कथित अनियमितताओं से जुड़े धनशोधन के मामले में राज्य के पूर्व मंत्री और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी नेता कुरुमुरी नागेश्वर राव के बेटे करुमुरी सुनील कुमार को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले संघीय एजेंसी ने पिता-पुत्र के ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की थी।
उन्होंने बताया कि जांच के तहत पूछताछ के बाद के. सुनील कुमार को धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि सुनील कुमार के पिता के. नागेश्वर राव मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार में नागरिक आपूर्ति मंत्री थे।
उन्होंने बताया कि ईडी की जांच आरोपियों द्वारा राज्य में शराब के परिवहन में कथित वित्तीय गड़बड़ी करने और सरकारी खजाने को 195.33 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने के मामले में दर्ज प्राथमिकी पर आधारित है।
अधिकारियों ने बताया कि धनशोधन के आरोपों की जांच के लिए ईडी ने मई में पीएमएलए के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।
ईडी ने 11 जून को छापेमारी की कार्रवाई के बाद राज्य बेवरेजेज़ कॉर्पोरेशन के पूर्व प्रबंध निदेशक डोंथिरेड्डी वासुदेवा रेड्डी और इस मामले के मुख्य आरोपी कासिरेड्डी राजा शेखर रेड्डी को गिरफ्तार किया था।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश

Facebook


