स्थानीय चुनाव: गुजरात के गांव में पुनर्मतदान जारी, ईवीएम में आई थी गड़बड़ी

Ads

स्थानीय चुनाव: गुजरात के गांव में पुनर्मतदान जारी, ईवीएम में आई थी गड़बड़ी

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 04:41 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 04:41 PM IST

सुरेंद्रनगर, 27 अप्रैल (भाषा) गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के एक गांव में सोमवार को पुनर्मतदान जारी है, जहां इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में तकनीकी खराबी आने के कारण मतदान रद्द कर दिया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना रविवार को राज्य भर में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए हुए मतदान के दौरान चूड़ा तालुका के जेपर गांव में घटी।

गुजरात में 15 नगर निगमों, 84 नगर पालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों में चुनाव हुए। यह राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले की सबसे बड़ी चुनावी कवायद में से एक था।

अधिकारियों के मुताबिक, रविवार को जेपर गांव में जिला पंचायत और तालुका पंचायत सीट पर चुनाव के लिए मतदान ईवीएम और मतपत्र इकाई में खराबी के कारण स्थगित करना पड़ा था।

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह सात बजे जेपर प्राथमिक विद्यालय में स्थापित मतदान केंद्र संख्या 4 और 5 पर पुनर्मतदान शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक चलेगा।

राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के सचिव राजदेव सिंह गोहिल ने बताया कि रविवार को मतदान शुरू होने के कुछ ही समय बाद मशीन में खराबी आ गई थी।

उन्होंने कहा, “कल ईवीएम में कुछ तकनीकी खराबी आने के कारण हमने चूड़ा तालुका पंचायत की जेपर सीट और सुरेंद्रनगर जिला पंचायत सीट पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है। इस गांव के अलावा, राज्य में किसी अन्य स्थान पर पुनर्मतदान का आदेश नहीं दिया गया है।”

भाषा अमित पारुल

पारुल