रांची, 13 सितंबर (भाषा) झारखंड की राजधानी रांची में तालाब में डूबे अधेड़ उम्र के व्यक्ति का शव बरामद करने के लिए तलाश अभियान शुरू करने में हुई कथित देरी के विरोध में स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार के सदस्यों ने सोमवार को सड़क जाम कर दी।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह घटना सदर थाना क्षेत्र के कोकर इलाके में डिस्टिलरी ब्रिज के पास विवेकानंद पार्क में सुबह करीब सात बजे हुई, लेकिन दोपहर एक बजे तक तलाश अभियान शुरू नहीं हुआ था।
पुलिस ने बताया कि स्थानीय निवासियों ने पीड़ित परिवार के सदस्यों के साथ दोपहर करीब एक बजे लालपुर-कोकर मार्ग को जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सदर एसडीपीओ संजीव बेसरा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘अधेड़ उम्र का एक व्यक्ति तालाब में डूब गया है। तलाश अभियान अभी शुरू नहीं हुआ है क्योंकि हम राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम के आने का इंतजार कर रहे हैं।’’
तालाब में डूबे व्यक्ति की बेटी मंजू उरांव ने कहा कि उनके पिता तालाब में नहाते समय डूब गए।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पिता धनेश्वर उरांव आज सुबह यहां तालाब में नहाते समय डूब गए। हमने पुलिस को सूचित कर शव को बाहर निकालने का आग्रह किया, लेकिन इसके बावजूद, उन्होंने मेरे पिता के शव को निकालने के लिए तलाश अभियान शुरू नहीं किया है।’’
बेसरा ने बताया कि परिवार मूल रूप से चतरा जिले का रहने वाला है।
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल