जीएन साईबाबा पुण्यतिथि कार्यक्रम: मुंबई पुलिस का टीआईएसएस के एक और पूर्व छात्र को नोटिस

Ads

जीएन साईबाबा पुण्यतिथि कार्यक्रम: मुंबई पुलिस का टीआईएसएस के एक और पूर्व छात्र को नोटिस

  •  
  • Publish Date - September 14, 2026 / 05:03 PM IST,
    Updated On - September 14, 2026 / 05:03 PM IST

मुंबई, 14 सितंबर (भाषा) मुंबई की एक मजिस्ट्रेट अदालत द्वारा टाटा सामाजिक विज्ञान संस्थान (टीआईएसएस) के एक पूर्व छात्र को दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के पूर्व प्रोफेसर जी.एन. साईबाबा की पुण्यतिथि से जुड़े कार्यक्रम के सिलसिले में दर्ज मामले में जमानत दिए जाने के कुछ दिनों बाद, पुलिस ने एक और पूर्व छात्र को नोटिस जारी किया है।

यह नोटिस एक साल पहले दर्ज की गई प्राथमिकी के सिलसिले में जारी किया गया है।

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि पूर्व छात्र को पूछताछ के लिए पुलिस के समक्ष पेश होने को कहा गया है।

यह कार्यक्रम पिछले साल 12 अक्टूबर को टीआईएसएस के देवनार परिसर में आयोजित किया गया था।

पुलिस के अनुसार, इस कार्यक्रम में कार्यकर्ता उमर खालिद और शरजील इमाम की रिहाई की मांग करते हुए नारे लगाए गए थे। पुलिस ने कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों पर माओवादी विचारधारा से जुड़ी सामग्री रखने का आरोप लगाया था।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले हफ्ते भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35 (3) के तहत एक नोटिस जारी किया गया था। इसमें उस पूर्व छात्र को पूछताछ के लिए जांच एजेंसी के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया था, जिसका नाम शुरुआती प्राथमिकी में नहीं था।

पिछले हफ्ते, एक मजिस्ट्रेट अदालत ने इसी मामले में गिरफ्तारी के एक महीने से अधिक समय बाद 30 वर्षीय एक पूर्व छात्र को जमानत दी थी।

डीयू के पूर्व प्रोफेसर को 2017 में माओवादियों से कथित संबंध के मामले में दोषी करार दिया गया था, लेकिन 2024 में मुंबई उच्च न्यायालय ने उन्हें बरी कर दिया।

नौ छात्रों द्वारा अग्रिम जमानत याचिका दायर किये जाने के बाद, सात अगस्त को सत्र अदालत ने सात छात्रों को राहत दे दी, जबकि दो अन्य की याचिकाएं खारिज कर दीं और उनमें से एक को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा सुभाष दिलीप

दिलीप