हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित

Ads

हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित

  •  
  • Publish Date - July 22, 2026 / 11:31 AM IST,
    Updated On - July 22, 2026 / 11:31 AM IST

नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) विभिन्न मुद्दों को लेकर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के करीब दो मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्य नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर सोमवार को राजधानी में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई सहित विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उनसे प्रश्नकाल चलने देने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद जिन मुद्दों पर नोटिस दिए गए हैं, उन सभी पर चर्चा कराई जाएगी।

बिरला ने कहा, ‘‘अभी प्रश्नकाल है। यह महत्वपूर्ण है। प्रश्नकाल के बाद आप जिन मुद्दों पर नोटिस दे चुके हैं, उन पर चर्चा कराने के लिए मैं तैयार हूं। आप जितनी देर चाहें, चर्चा कर सकते हैं लेकिन पहले से तय रणनीति के तहत व्यवधान पैदा करना उचित नहीं है।’’

सदन में हंगामा थमते न देख बिरला ने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी और आज भी प्रश्नकाल नहीं हो पाया।

विपक्षी सदस्य अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की कथित हेराफेारी और ‘नीट’ प्रश्नपत्र लीक मामले पर चर्चा की मांग कर रहा है। साथ ही, वह परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े विवाद से निपटने के तरीके को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग कर रहा है।

संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरु हुआ है और इन मुद्दों को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित होती रही है।

भाषा वैभव मनीषा सिम्मी

सिम्मी