लोकायुक्त की छापेमारी में सरकारी अभियंता के मित्र के फ्लैट से 1.70 करोड़ रुपये बरामद

Ads

लोकायुक्त की छापेमारी में सरकारी अभियंता के मित्र के फ्लैट से 1.70 करोड़ रुपये बरामद

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 08:31 PM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 08:31 PM IST

बेंगलुरु, 12 फरवरी (भाषा) कर्नाटक में आय से अधिक संपत्ति के एक मामले में लोकायुक्त द्वारा की गई छापेमारी के दौरान एक वरिष्ठ सरकारी अभियंता के मित्र के फ्लैट से 1.70 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

`यह बरामदगी कर्नाटक रेजिडेंशियल एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस सोसाइटी के अधीक्षण अभियंता एच एम जनार्दन से जुड़े परिसरों पर की गई तलाशी के दौरान हुई। उनके खिलाफ ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों के संबंध में बेंगलुरु ग्रामीण लोकायुक्त पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

एक लोकायुक्त अधिकारी ने कहा, ‘‘एच एम जनार्दन के खिलाफ दर्ज आय से अधिक संपत्ति मामले के सिलसिले में छह स्थानों पर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके मित्र सुजय शेट्टी के फ्लैट से 1.70 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए।’

अधिकारी ने बताया कि तलाश अभियान जारी है और अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं।

इससे पहले दिन में लोकायुक्त की टीम ने कर्नाटक में चार सरकारी अधिकारियों से जुड़े परिसरों पर एक साथ छापेमारी की।

लोकायुक्त के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति के मामलों के संबंध में बेंगलुरु, दावणगेरे और धारवाड़ में स्थित संपत्तियों को निशाना बनाया गया। जांच के दायरे में आने वाले अधिकारियों में जनार्दन के अलावा बीईएसकॉम, दावणगेरे में सहायक कार्यकारी अभियंता (सिविल) अर्जुन आर एच भी शामिल हैं।

लोकायुक्त के एक सूत्र ने कहा, ‘‘तलाश अभियान कथित अनियमितताओं और आय से अधिक संपत्ति की जांच के तहत जारी कार्रवाई का हिस्सा है। संबंधित दस्तावेजों और सामग्रियों की जांच की जा रही है।’

मामले में जांच जारी है।

भाषा राखी नरेश

नरेश