बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार, दक्षिण बंगाल में भारी बारिश का पूर्वानुमान

Ads

बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार, दक्षिण बंगाल में भारी बारिश का पूर्वानुमान

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 06:21 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 06:21 PM IST

कोलकाता, 11 अगस्त (भाषा) बंगाल की खाड़ी के ऊपर बुधवार को कम दबाव का क्षेत्र बनने का पूर्वानुमान है, जिसके कारण अगले कुछ दिन में दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बहुत भारी बारिश हो सकती है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि इस मौसम प्रणाली के बनने के कारण बुधवार को तटीय जिलों उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर में बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया और पश्चिम बर्धमान समेत विभिन्न जिलों में 15 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने मछुआरों को 15 अगस्त तक पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटों के पास तथा समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। इस दौरान क्षेत्र में 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

आईएमडी ने कहा कि उत्तर बंगाल के इलाकों में 14 से 17 अगस्त के बीच फिर भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। इन इलाकों में पिछले सप्ताह भारी बारिश होने से लोगों को राहत मिली थी।

मंगलवार को कोलकाता में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

सोमवार रात को कोलकाता के उत्तरी हिस्सों में बहुत तेज बारिश हुई, जिससे कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं। इसके कारण मंगलवार सुबह भी कुछ इलाकों में यातायात धीमा रहा।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर कोलकाता के दमदम में मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे में 101 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि दक्षिण कोलकाता के अलीपुर में इस दौरान 62 मिलीमीटर बारिश हुई।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप