छत्रपति संभाजीनगर में एलपीजी गिरोह का भंडाफोड़, 1.26 करोड़ रुपये का सामान जब्त

Ads

छत्रपति संभाजीनगर में एलपीजी गिरोह का भंडाफोड़, 1.26 करोड़ रुपये का सामान जब्त

  •  
  • Publish Date - April 3, 2026 / 10:20 AM IST,
    Updated On - April 3, 2026 / 10:20 AM IST

छत्रपति संभाजीनगर, तीन अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में अधिकारियों ने एलपीजी तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है और 1.26 करोड़ रुपये से अधिक का सामान जब्त किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सूचना के आधार पर, महाराष्ट्र राज्य स्तरीय सतर्कता प्रकोष्ठ की एक टीम ने दो अप्रैल की देर रात खोजेवाड़ी शिवार क्षेत्र में एक सुनसान स्थान पर छापा मारा।

अधिकारी ने बताया, सतर्कता प्रकोष्ठ के प्रमुख गणेश बेलाले के नेतृत्व वाले अभियान के दौरान, टीम ने गिरोह के लोगों को उस समय रंगे हाथों पकड़ा जब वे एचपीसीएल (हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड) के टैंकरों की सील तोड़कर छोटे वाणिज्यिक और घरेलू सिलेंडरों में गैस भर रहे थे।

घटनास्थल से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। टीम ने दो टैंकर जब्त किए, जिनमें कुल 35,220 किलोग्राम एलपीजी और 26 सिलेंडर थे, जिनमें 19.2 किलोग्राम व्यावसायिक और 14.2 किलोग्राम घरेलू उपयोग के सिलेंडर शामिल थे।

अधिकारी ने बताया कि जब्त की गई वस्तुओं की कीमत लगभग 1.26 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि जब्त की गई गैस की मात्रा लगभग 2,480 वंचित परिवारों की मासिक आपूर्ति के बराबर थी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘ये माफिया आम नागरिक की रसोई के लिए रखे गए ईंधन की चोरी करके अपनी जेबें भर रहे हैं।’

सरकार ने रसोई गैस की चोरी करने वालों और एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी, अनधिकृत भंडारण या अवैध रूप से पुनर्विक्रय में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

भाषा तान्या शोभना

शोभना