चेन्नई/पुडुचेरी, तीन अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को चेन्नई पहुंचेंगे और वहां से केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर एक रोड शो के लिए रवाना होंगे।
प्रधानमंत्री का विमान चेन्नई में उतरेगा और वहां से वह हेलीकॉप्टर द्वारा पुडुचेरी के लिए रवाना होंगे।
अजंता सिग्नल जंक्शन से अन्ना स्क्वायर तक 1.7 किलोमीटर लंबा रोड शो शाम चार बजकर 15 मिनट के बाद शुरू होगा, जब प्रधानमंत्री वहां पहुंचेंगे। वह पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ एआईएनआरसी की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के समर्थन में एक रैली को संभवत: संबोधित करेंगे। राजग के घटक दलों में भाजपा, अन्ना द्रमुक और नवगठित एलजेके शामिल हैं।
भाजपा ने शुक्रवार को कहा कि राजग के नेता और उम्मीदवार इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ मौजूद रहेंगे, जिसमें 30,000 से अधिक लोग भाग लेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष आर सेल्वम ने पुडुचेरी में पत्रकारों को बताया कि प्रधानमंत्री शाम चार बजकर 15 मिनट पर इस केंद्र शासित प्रदेश में पहुंचेंगे और वह सीधे अजंता जंक्शन के लिए रवाना होंगे। वहां से वह एक रोड शो करेंगे जो लगभग एक घंटे तक चलने की संभावना है।
इसके बाद वह चेन्नई लौटकर गिंडी के एक होटल में रात भर रुकेंगे और चार अप्रैल को भाजपा नेताओं के साथ एक बंद कमरे में बैठक करेंगे।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने चेन्नई और केंद्र शासित प्रदेश में अपने कर्मी तैनात किए हैं।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा