लद्दाख के उपराज्यपाल ने स्पितुक में फुटसल मैदान का उद्घाटन किया
लद्दाख के उपराज्यपाल ने स्पितुक में फुटसल मैदान का उद्घाटन किया
लेह/जम्मू, 30 सितंबर (भाषा) लद्दाख के उपराज्यपाल (एलजी) वी के सक्सेना ने बुधवार को स्पितुक में 1.70 करोड़ रुपये की लागत से बने एक फुटसल मैदान का उद्घाटन किया और कहा कि यह पहल केंद्र शासित प्रदेश में युवाओं को सशक्त बनाने के प्रयासों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
फुटसल, फुटबॉल का ही एक तेज गति वाला संस्करण है, जिसे मुख्य रूप से ढके हुए परिसर (चारदीवारी के भीतर) या छोटे और पक्के मैदान पर खेला जाता है।
सक्सेना ने ‘यूथ मंथ 2026’ (युवक माह) के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि ‘सात जिले, सात खेल’ पहल के तहत बीते एक महीने के दौरान युवाओं को विभिन्न खेलों के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”युवा माह 2026′ के समापन सत्र को संबोधित किया और स्पितुक में 1.70 करोड़ रुपये की लागत वाले फुटसल मैदान का उद्घाटन किया, जो युवा सशक्तीकरण की हमारी सामूहिक यात्रा में एक नया मील का पत्थर है।’
उन्होंने कहा कि इस पहल से खेल सुविधाओं और अवसरों तक सभी की समान पहुंच सुनिश्चित हुई है, साथ ही लद्दाख के युवाओं की प्रतिभा, संकल्प और दमखम को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच भी मिला है।
इस बात पर जोर देते हुए कि यह महीना युवाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण के एक निरंतर अभियान की शुरुआत है, उपराज्यपाल ने कहा, ‘लद्दाख के युवा हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं और हम मिलकर एक स्वस्थ, कुशल, अनुशासित और खेल भावना से समृद्ध लद्दाख का निर्माण करेंगे।’
भाषा सुमित रंजन
रंजन

Facebook


