श्रीनगर, 15 मार्च (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को आतंकवादियों द्वारा पीड़ित सभी लोगों को न्याय दिलाने का संकल्प लिया और यहां आतंकी हमलों के 27 परिजनों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
सिन्हा ने कहा, ‘मैं आतंकी हमले के हर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए दृढ़ संकल्पित हूं और दोषियों को जवाबदेह ठहराने के लिए लंबित मामलों की जांच की जाएगी।’
सिन्हा ने इस बात की पुष्टि की कि आतंकवाद से प्रभावित परिवारों से जबरन छीनी गई जमीनें या घर मुक्त कराए जाएंगे और वापस कर दिए जाएंगे और जिन मामलों की अभी जांच होनी बाकी है, उनकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन अन्याय को दूर करने और आतंकी हमलों के पीड़ितों के परिवारों के दरवाजे पर न्याय का द्वार खोलने में सफल रहा है।
उन्होंने कहा, ‘अब तक लगभग 400 परिजनों को रोजगार मिल चुका है, और हम तब तक अथक प्रयास करते रहेंगे जब तक कि हम न्याय की प्रतीक्षा कर रहे अंतिम परिवार तक नहीं पहुंच जाते।’
उपराज्यपाल ने कहा कि आतंकी हमलों के पीड़ितों के परिवारों को न्याय दिलाने के लिए पिछले साल बारामूला से शुरू किए गए इस अभियान ने उन्हें समर्थन तथा साहस प्रदान किया है और उनके भविष्य को संवारने में मदद की है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश