कांशी राम ने बी आर आंबेडकर के दृष्टिकोण का अनुसरण किया : अखिलेश यादव

Ads

कांशी राम ने बी आर आंबेडकर के दृष्टिकोण का अनुसरण किया : अखिलेश यादव

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 08:44 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 08:44 PM IST

मुंबई, 15 मार्च (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक कांशी राम को भारत रत्न दिए जाने की मांग का समर्थन करते हुए बहुजन समुदाय को एकजुट करने और सशक्त बनाने में उनके योगदान की सराहना की।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने रविवार को कांशी राम की जयंती के अवसर पर यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही।

अखिलेश ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘हमारा मानना ​​है कि कांशी राम को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए।’’

उन्होंने डॉ. बी. आर. आंबेडकर और कांशी राम द्वारा परिकल्पित सामाजिक न्याय तथा समानता के लिए संघर्ष जारी रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘कांशी रामजी ने हाशिए पर पड़े समुदायों के अधिकारों और न्याय को सुनिश्चित करने के लिए आंबेडकर के दृष्टिकोण का अनुसरण किया। एक समय ऐसा भी था जब नेताजी (मुलायम सिंह यादव) और कांशी रामजी ने उत्तर प्रदेश में संयुक्त सरकार बनाई, जिससे बसपा को भी मजबूती मिली।’’

अखिलेश ने खुलासा किया कि उन्होंने 2019 में बसपा के साथ गठबंधन इस उद्देश्य से किया था कि मायावती को प्रधानमंत्री पद की संभावित उम्मीदवार के रूप में समर्थन दिया जा सके, हालांकि यह गठबंधन सफल नहीं हुआ।

सपा प्रमुख ने कहा, ‘‘ कांशी रामजी ने बहुजन समुदाय को एकजुट और सशक्त बनाने के लिए काम किया। समाजवादी पार्टी भविष्य के राजनीतिक संघर्षों में इन आदर्शों को कायम रखेगी।’’

इससे पहले, अखिलेश ने एक कार्यक्रम में कहा कि शासन में रचनात्मकता का मतलब ऐसी सरल और व्यावहारिक सोच से है जो लोगों के जीवन को बेहतर बनाए, जिसमें मानवता, सकारात्मकता और समानता की भावना हो।

सपा प्रमुख ने यहां “क्रिएटिव इकोनॉमी” विषय पर आयोजित एक संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि रचनात्मकता केवल कला या संस्कृति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें ऐसे प्रशासनिक फैसले भी शामिल हैं जो समस्याओं का समाधान करें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं। उनका कहना था कि जो भी निर्णय समाज, मानवता और दुनिया को बेहतर बनाता है, वही वास्तविक रचनात्मकता है।

अखिलेश ने कहा, “यदि कोई निर्णय सकारात्मकता बढ़ाता है, समानता लाता है और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करता है, तो वही रचनात्मकता है।”

अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रशासनिक सुधार भी बड़े परिणाम दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि यदि उनकी पार्टी 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव जीतती है, तो उनका लक्ष्य राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं और विनिर्माण ढांचे को मजबूत करना होगा।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश