ईटानगर, 11 अगस्त (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के क्रा दादी जिले में पुलिस ने लग्जरी कार चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर चोरी के 15 वाहन बरामद किये हैं और गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
क्रा दादी के पुलिस अधीक्षक सेप्राज परमे ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए डीएसपी मापे जिरदो के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस ने गिरोह द्वारा कथित रूप से चोरी किए गए 15 वाहनों को जब्त किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असम निवासी जहांगीर आलम, मोझिबुर रहमान, मोहम्मद सबलू और मोहम्मद गरगंतुआन अली के रूप में की है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरोह के कथित सरगना आलम को असम के बारपेटा से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरोह दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से लग्जरी वाहनों की चोरी कर उन्हें अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड ले जाता था तथा वहां संभावित खरीदारों को बेचता था। इस दौरान कई बार अनजान लोगों को भी इस अवैध कारोबार में शामिल कर लिया जाता था।
पुलिस ने बताया कि मामले को सुलझा लिया गया है और आरोपपत्र दाखिल कर दिया गया है।
इस बीच, ईटानगर पुलिस ने सोमवार को चोरी के 10 स्कूटर बरामद किए और चार नाबालिगों को पकड़ा। अधिकारियों के अनुसार, इससे ईटानगर राजधानी क्षेत्र (आईसीआर) और पड़ोसी असम में सक्रिय दोपहिया वाहन चोरी गिरोह का खुलासा हुआ है।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई चिम्पू पुलिस थाने में दर्ज एक मामले के बाद शुरू की गई थी। यह मामला ईटानगर के जू रोड से एक स्कूटर चोरी होने के बाद दर्ज किया गया था।
इसके बाद सुरक्षा जांच चौकियों पर सघन जांच के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को संदिग्ध चोरी के वाहन के साथ पकड़ा। पूछताछ में उसने कथित तौर पर इलाके में कई वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता के बारे में जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि चिम्पू थाने के प्रभारी निरीक्षक एन निशांत के नेतृत्व में एक दल ने मिली जानकारी के आधार पर असम के गोहपुर से पांच चोरी के स्कूटर बरामद किए। उपनिरीक्षक ताबा टेटे के नेतृत्व में दूसरे दल ने स्वामित्व सत्यापन के लिए गंगा गांव से चार अन्य स्कूटर जब्त किए।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के संबंध में अब तक चार किशोरों को पकड़ा गया है।
पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह आईसीआर क्षेत्र से दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें असम भेजता था।
पुलिस ने बताया कि बरामद 10 स्कूटरों के वास्तविक स्वामित्व की पुष्टि की जा रही है। साथ ही अन्य लंबित वाहन चोरी के मामलों से इनके संबंधों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव