मप्र: पन्ना में आदिवासी किसान परिवार को खदान से मिला 11.19 कैरेट का हीरा

Ads

मप्र: पन्ना में आदिवासी किसान परिवार को खदान से मिला 11.19 कैरेट का हीरा

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 06:51 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 06:51 PM IST

पन्ना, 29 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक आदिवासी किसान परिवार को एक खदान से सोमवार को 11.19 कैरेट का एक हीरा मिला। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि हीरे की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है।

उन्होंने बताया कि इसी परिवार को वर्ष 2024 में 19.22 कैरेट का एक बड़ा हीरा मिला था, जो शासकीय नीलामी में 93 लाख रुपये में बिका था।

हीरा कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, मजदूर राकेश गौड़ ने इसी वर्ष अप्रैल में अहिरगवां क्षेत्र में पट्टा लेकर अपने तीन भाइयों और कुछ रिश्तेदारों के साथ मिलकर खदान में खुदाई शुरू की थी।

अधिकारियों ने बताया कि करीब दो महीने की मेहनत के बाद सोमवार को परिवार को चमचमाता हीरा मिला, जिसे उन्होंने तत्काल सरकारी हीरा कार्यालय में जमा करा दिया।

पन्ना के हीरा निरीक्षक नूतन जैन ने बताया कि परिवार द्वारा जमा कराया गया यह 11.19 कैरेट का हीरा, जेम्स क्वालिटी का है और इसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है।

उन्होंने बताया कि नियमानुसार इस हीरे को आगामी शासकीय नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा और नीलामी से प्राप्त राशि में से रॉयल्टी काटने के बाद शेष रकम संबंधित परिवार के बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी।

हीरा मिलने से उत्साहित परिवार के सदस्य राजू आदिवासी ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से खदानों में खुदाई कर रहा है।

उन्होंने बताया कि दो वर्ष पहले मिले 19.22 कैरेट के हीरे की बिक्री से प्राप्त राशि से परिवार की आर्थिक स्थिति में काफी सुधार हुआ लेकिन उन्होंने मेहनत करना नहीं छोड़ा।

राकेश गौड़ ने कहा कि इस बार हीरे की नीलामी से मिलने वाली राशि का उपयोग नई खदानें पट्टे पर लेने और आगे भी अपनी किस्मत आजमाने में किया जाएगा।

पन्ना जिला अपनी हीरा खदानों के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है, जहां समय-समय पर स्थानीय लोगों को बहुमूल्य हीरे मिलने की घटनाएं सामने आती रही हैं। भाषा सं ब्रजेन्द्र जितेंद्र

जितेंद्र