अहमदाबाद में प्रतिद्वंद्वी गुटों में झड़प के सिलसिले में 10 गिरफ्तार

Ads

अहमदाबाद में प्रतिद्वंद्वी गुटों में झड़प के सिलसिले में 10 गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 08:08 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 08:08 PM IST

अहमदाबाद, 29 जून (भाषा) अहमदाबाद के दरियापुर इलाके में दो प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच पिछले सप्ताहांत हुई झड़प के सिलसिले में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

दरियापुर थाने के निरीक्षक जीवी गोहिल ने बताया कि यह घटना शनिवार रात दोनों गुटों के सदस्यों के बीच पहले हुई कहासुनी के परिणामस्वरूप घटी, जिसमें कम से कम तीन लोग घायल हो गए।

गोहिल ने कहा, “शनिवार रात दो गुटों के बीच हुई झड़प के सिलसिले में उनसे जुड़े 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस झड़प में तीन-चार लोग घायल हो गए थे। स्थिति अब नियंत्रण में है।”

उन्होंने बताया कि दोनों गुटों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

गोहिल के मुताबिक, दोनों पक्षों के लाठियों और तलवारों से लैस सदस्यों ने एक-दूसरे पर हमला किया और अपशब्द कहे।

उन्होंने बताया कि 19 वर्षीय उसैद शेख की शिकायत के आधार पर पुलिस ने याह्या बुखारी, साहिल बुखारी, राशिद बुखारी और चार अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118 (1) और 115 (2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की, जो हथियार का इस्तेमाल करके स्वेच्छा से चोट पहुंचाने से संबंधित हैं।

गोहिल के अनुसार, दूसरी प्राथमिकी अब्दुल राशिद बुखारी की शिकायत पर उसैद शेख, नसरीन शेख और चार अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 118(1), 115(2) और 352 के तहत दर्ज की गई।

अब्दुल ने अपनी शिकायत में कहा कि दरियापुर के दांडियावाड़ इलाके में शाम करीब छह बजे उसके बेटे याह्या और उस्मान के बीच कहासुनी हुई।

उसने आरोप लगाया कि परिवार के सदस्यों ने दोनों को अलग किया, लेकिन बाद में उसैद की मां और चाची उसके घर आईं और उसकी पत्नी से बहस करने लगीं, जिसके दौरान वह कथित तौर पर गिर गई और उसे चोटें आईं।

अब्दुल के मुताबिक, रात करीब 10:45 बजे, जब वह, उसके बेटे और अन्य लोग एक सामुदायिक सभा में हिस्सा ले रहे थे, तब उसैद और पांच अन्य लोगों ने याह्या को उकसाया, जिससे फिर बहस शुरू हो गई।

अब्दुल ने बताया कि आरोपियों में से एक बेसबॉल बैट लेकर आया था, जबकि दूसरे ने लाठी थाम रखी थी। उसने आरोप लगाया कि दोनों ने बेसबॉल बैट और लाठी से उनकी पिटाई की, जिससे वे घायल हो गए।

अब्दुल के अनुसार, मारपीट के दौरान सड़क किनारे खड़े एक रिक्शा और मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचा।

वहीं, उसैद ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि विवाद शाम लगभग छह बजे शुरू हुआ, जब याह्या ने एक साझा मित्र को चिढ़ाने पर उससे बहस की और उसके बाद हुई कहासुनी के दौरान उसे थप्पड़ मार दिया।

उसैद ने कहा कि रात करीब 10:45 बजे याह्या, राशिद बुखारी, साहिल बुखारी और एक अन्य व्यक्ति ने उन पर तलवार और लाठियों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। उसने दावा किया कि बीच-बचाव के दौरान उसके कुछ रिश्तेदारों को भी चोटें आईं।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा पारुल नरेश

नरेश