मध्यप्रदेश : ‘बेवफाई की सजा’ के नाम पर महिला से अमानवीय सलूक, पति समेत चार लोग गिरफ्तार

Ads

मध्यप्रदेश : 'बेवफाई की सजा' के नाम पर महिला से अमानवीय सलूक, पति समेत चार लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 14, 2026 / 10:37 PM IST,
    Updated On - April 14, 2026 / 10:37 PM IST

झाबुआ/ इंदौर, 14 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल झाबुआ जिले में विवाहेतर संबंध की सजा के नाम पर लोगों ने 32 वर्षीय महिला का सरेआम मुंडन कर दिया और उसे उसके पति को कंधे पर बैठाकर गांव में घूमने के लिए मजबूर किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया,’काकनवानी थाना क्षेत्र के एक गांव में 12 अप्रैल की रात आदिवासी समुदाय की एक महिला के साथ यह घटना हुई। घटना के वीडियो के बारे में पता चलने पर हमने भारतीय न्याय संहिता की संबद्ध धाराओं के तहत 10 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है।’

उन्होंने बताया कि चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है जिनमें पीड़ित महिला का पति भी शामिल है।

महोबिया ने बताया कि महिला के साथ अमानवीय सलूक के वीडियो बनाकर इन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले लोगों को भी आरोपियों में शामिल किया जाएगा।

पुलिस के मुताबिक महिला की शादी 12 वर्ष पहले हुई थी और उसके दो बेटे हैं। उसने पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कहा कि ससुर द्वारा आए दिन परेशान किए जाने और मारपीट के कारण वह अपनी मर्जी से पति को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई थी।

प्राथमिकी के मुताबिक महिला के समुदाय के लोगों ने एक बैठक की और उसे पति के पास लौट जाने का फरमान सुना दिया।

महिला ने शिकायत में कहा कि पति के गांव लौटते ही लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी और उसका सरेआम मुंडन करते हुए कपड़े फाड़ दिए।

महिला ने शिकायत में यह भी कहा कि उसे उसके पति को कंधे पर बैठाकर गांव में घूमने के लिए मजबूर किया गया और इस घटनाक्रम के वीडियो बनाकर इन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया।

भाषा हर्ष जोहेब

जोहेब