मप्र: बुजुर्ग की पीठ पर सवार होकर नदी पार करने का वीडियो सामने आने के बाद पटवारी निलंबित

मप्र: बुजुर्ग की पीठ पर सवार होकर नदी पार करने का वीडियो सामने आने के बाद पटवारी निलंबित

मप्र: बुजुर्ग की पीठ पर सवार होकर नदी पार करने का वीडियो सामने आने के बाद पटवारी निलंबित
Modified Date: September 9, 2026 / 07:52 pm IST
Published Date: September 9, 2026 7:52 pm IST

सीधी (मध्यप्रदेश), नौ सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के सीधी जिले में घर और जमीन का सर्वे करने पहुंचे एक पटवारी ने एक बुजुर्ग के पीठ पर कथित तौर पर सवार होकर एक छोटी नदी पार की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पटवारी को निलंबित कर दिया गया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के मुताबिक यह मामला जिले की गोपद बनास तहसील के माटा ग्राम पंचायत का है, जहां पटवारी नीलेश नामदेव बुजुर्ग लालवा केवट के घर और जमीन का सर्वे करने पहुंचा था।

कथित वीडियो में पटवारी नामदेव बुजुर्ग की पीठ पर सवार होकर एक छोटी नदी पार करते दिख रहा है।

गोपद बनास की उप विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) प्रिया पाठक ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वीडियो संज्ञान में आने के बाद मामले की जांच की गई और पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

ग्रामीणों के मुताबिक बुजुर्ग के घर तक पहुंचने के रास्ते में छोटी नदी पड़ती है और उसे पार करने में जूते ना भींग जाए, इसलिए पटवारी ने बुजुर्ग से कहा कि उसे नदी के दूसरी तरफ पहुंचाया जाएगा तभी वह घर और जमीन का सर्वे कर सकेगा।

उन्होंने कहा कि इस पर बुजुर्ग ने पटवारी को अपनी पीठ पर बैठाकर नदी पार कराई, जिसका कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।

ग्रामीणों के मुताबिक पटवारी, बुजुर्ग केवट के घर और फसल को जंगली जानवरों से हुए नुकसान का सर्वे करने पहुंचा था।

भाषा ब्रजेन्द्र अमित

अमित


लेखक के बारे में