मप्र : पन्ना अभयारण्य के बफर जोन में बाघिन ने मवेशियों का शिकार किया, हाई अलर्ट जारी

Ads

मप्र : पन्ना अभयारण्य के बफर जोन में बाघिन ने मवेशियों का शिकार किया, हाई अलर्ट जारी

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 08:43 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 08:43 PM IST

पन्ना, 16 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के पन्ना बाघ अभयारण्य के बफर जोन में एक बाघिन के मवेशियों का शिकार करने के बाद बृहस्पतिवार को क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया।

अभयारण्य के उप निदेशक वीरेंद्र कुमार पटेल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना विक्रमपुर गांव के पास तारा बीट में हुई।

उन्होंने कहा, “बाघिन की उम्र करीब दो साल है। यह बाघिन-213 की चौथी संतान है और अब वयस्क हो चुकी है। बाघिन को जंगल क्षेत्र में खदेड़ने के लिए तीन हाथियों को तैनात किया गया है। हालांकि, झाड़ियों और घनी बस्ती के कारण यह अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। बफर जोन के तारा बीट इलाके में हाई अलर्ट जारी किया गया है।”

पटेल ने बताया कि ग्रामीणों को अकेले खेतों या सुनसान रास्तों पर न जाने की सख्त हिदायत दी गई है। उन्होंने कहा कि जब तक बाघिन वापस कोर एरिया में नहीं लौट जाती, तब तक इन इलाकों में ‘हाई अलर्ट’ जारी रहेगा।

पटेल ने बताया कि बाघिन ने दो दिन पहले जसवंतपुरा के कुदान इलाके में दो मवेशियों का शिकार किया था। उन्होंने कहा कि प्रभावित पशुपालकों को नियमों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।

अधिकारियों ने माना कि इस घटना से विक्रमपुर गांव के 2000 निवासियों के बीच डर का माहौल है।

भाषा

सं ब्रजेन्द्र पारुल

पारुल