( तस्वीरों सहित )
देवास/ इंदौर, 14 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के देवास जिले में बृहस्पतिवार को एक पटाखा कारखाने में धमाके के बाद लगी आग में कम से कम दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 15 व्यक्ति घायल हो गए। प्रशासन के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
जिलाधिकारी ऋतुराज सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि टोंक कलां क्षेत्र में एक पटाखा कारखाने में लगी आग में अब तक दो लोगों की मौत की जानकारी मिली है और करीब 15 घायलों में से नौ लोगों को इंदौर के एक अस्पताल भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि कारखाने में लगी आग पर काबू पा लिया गया है और इस इकाई में अन्य स्थान पर रखे बारूद को प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया है।
सिंह ने बताया कि अनिल मालवीय नामक व्यक्ति के इस कारखाने में 15 दिन पहले ही छोटे पटाखे बनाने का काम शुरू हुआ था और इस इकाई के नाम लाइसेंस जारी किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि कारखाने में हुए अग्निकांड को लेकर विस्तृत जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कारखाने में भीषण विस्फोट हुआ और शवों के टुकड़े दूर जा गिरे।
उन्होंने बताया कि कारखाने का निर्माण कार्य जारी है और वहां अलग-अलग शेड बनाए जा रहे हैं।
भाषा हर्ष मनीषा
मनीषा