नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) पश्चिम दिल्ली में पुलिस द्वारा पकड़े जाने के बाद रहस्यमय परिस्थितियों में हुई 32 वर्षीय एक नाइजीरियाई नागरिक की मौत की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार शाम को तब हुई जब गश्त कर रही एक टीम ने राजौरी गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास एक व्यक्ति को सड़क पर गलत दिशा में स्कूटर चलाते देखा और उसे रुकने का इशारा किया।
पुलिस ने बताया कि इस व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने स्कूटर से पुलिस की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी एवं वह स्कूटर से गिर गया और भागने की कोशिश करने लगा, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक उसे पूछताछ के लिए टैगोर गार्डन के पास ‘स्पेशल स्टाफ’ के कार्यालय ले जाया गया, जहां उसने बेचैनी की शिकायत की। पुलिस उसे आनन-फानन में ख्याला स्थित गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान क्रिश्चियन एज़े प्रॉमिस के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि इस घटना के बारे में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी), विदेश मंत्रालय और नाइजीरियाई उच्चायोग को सूचित कर दिया गया है।
उसने कहा कि इस व्यक्ति की मौत की एक समानांतर जांच चल रही है।
भाषा नोमान नोमान राजकुमार
राजकुमार