हैदराबाद, नौ जून (भाषा) तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को केंद्र सरकार से ईंधन की कीमतों में वृद्धि वापस लेने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
तेलंगाना प्रदेश महिला कांग्रेस समिति की अध्यक्ष इराबेल्ली स्वर्णा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राज्य मुख्यालय गांधी भवन से विधानसभा परिसर स्थित गुन पार्क तक रैली निकाली।
प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की मांग की।
स्वर्णा ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद केंद्र सरकार ने अवसरवादी तरीके से ईंधन कीमतों में वृद्धि की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से किसानों, गरीबों और मध्यम वर्ग पर भारी आर्थिक बोझ पड़ा है और आम लोगों को राहत दी जानी चाहिए।
भाषा मनीषा रंजन
रंजन