अवैध कॉल सेंटर के जरिए अमेरिकी नागरिकों से ठगी के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Ads

अवैध कॉल सेंटर के जरिए अमेरिकी नागरिकों से ठगी के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 15, 2026 / 12:15 AM IST,
    Updated On - May 15, 2026 / 12:15 AM IST

नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अवैध रूप से संचालित कई ‘कॉल सेंटर’ के माध्यम से अमेरिकी नागरिकों से कथित तौर पर 85 लाख अमेरिकी डॉलर की धोखाधड़ी करने के मामले में मुख्य आरोपी लखन जयप्रकाश जगवानी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एजेंसी ने पिछले साल दिसंबर में मामला दर्ज किया था। इसमें सितंबर 2022 से नयी दिल्ली, नोएडा और देश के अन्य स्थानों से अवैध कॉल सेंटर चलाकर अंतरराष्ट्रीय वित्तीय साइबर धोखाधड़ी करने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया गया था।

सीबीआई के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘आरोपियों ने आपस में और अज्ञात सहयोगियों के साथ आपराधिक साजिश रची, जिसके तहत उन्होंने अपने आप को ‘ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन’ (डीईए), ‘फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन’ (एफबीआई) और ‘सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन’ (एसएसए) सहित अमेरिकी सरकारी एजेंसियों का अधिकारी बताया और फर्जी कॉल, ईमेल और वीओआईपी संचार के माध्यम से अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाया।’

सीबीआई के अनुसार, पीड़ितों से 85 लाख अमेरिकी डॉलर की धोखाधड़ी की गई।

प्रवक्ता ने बताया कि जगवानी पिछले साल दिसंबर से फरार था। उस वक्त एजेंसी ने उसके अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर एक करोड़ रुपये से अधिक की नकदी जब्त की थी।

उन्होंने बताया कि जगवानी को 13 मई, 2026 को दिल्ली में गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा

प्रचेता प्रशांत

प्रशांत