छह लोगों की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी मृत पाया गया: तेलंगाना पुलिस

छह लोगों की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी मृत पाया गया: तेलंगाना पुलिस

छह लोगों की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी मृत पाया गया: तेलंगाना पुलिस
Modified Date: July 13, 2026 / 05:40 pm IST
Published Date: July 13, 2026 5:40 pm IST

हैदराबाद, 13 जुलाई (भाषा) तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में छह लोगों की कथित तौर पर हत्या करने के मामले में वांछित 35 वर्षीय युवक सोमवार को मृत पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर उसके द्वारा आत्महत्या किये जाने की आशंका जताई है।

पुलिस ने बताया कि पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज प्राथमिकी में नामजद किसान पी. राजकुमार ने 10 जुलाई की रात कथित तौर पर छह लोगों की हत्या कर दी थी।

मृतकों में एक नाबालिग लड़की, उस परिवार के दो सदस्य जिन्होंने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, और साथ ही उसकी अपनी पत्नी और दो बच्चे शामिल थे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सोमवार को कोथुर पुलिस थाना इलाके में शव देखे जाने के बाद कुछ निवासियों ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन कर यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा, ‘‘ मौके पर पहुंची पुलिस टीम को उसका शव मिला। शव के नजदीक कीटनाशक की एक बोतल मिली है। हमें आशंका है कि उसने कीटनाशक पी लिया था क्योंकि उसके मुंह से झाग निकल रहा था।’’

अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और उसके परिवार वालों को सूचित किया। पुलिस ने मृतक की पहचान राजकुमार के रूप में की।

उन्होंने बताया कि नाबालिग लड़की के परिवार की तहरीर पर, इस साल मई में राजकुमार के खिलाफ लड़की का पीछा करने और उसे परेशान करने के लिए यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो)अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

आरोपी ने छह लोगों की चाकू से हमला करके और गला रेतकर हत्या कर दी थी।

पुलिस ने बताया कि हत्याओं को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने पिता को फ़ोन किया और अपराध कबूल करते हुए कहा कि वह अपनी भी जान देने जा रहा है, और फिर अपना फोन बंद कर लिया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी के पिता ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी।

उन्होंने बताया कि राजकुमार मौके से फरार हो गया था और तेलंगाना पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए 12 टीम गठित की थीं और बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया था।

भाषा धीरज संतोष

संतोष


लेखक के बारे में