माझी ने भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर जून के समारोह में प्रधानमंत्री मोदी को आमंत्रित किया
माझी ने भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर जून के समारोह में प्रधानमंत्री मोदी को आमंत्रित किया
भुवनेश्वर, 25 मई (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के सत्ता में दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
भाजपा ने 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजू जनता दल (बीजद) को हराकर पहली बार ओडिशा में सरकार बनाई थी। उसी वर्ष हुए आम चुनाव में पार्टी ने राज्य की 21 लोकसभा सीट में से 20 पर जीत दर्ज करके शानदार प्रदर्शन किया था।
माझी ने दिन में पहले राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की।
बाद में उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी से मुलाकात की। ओडिशा के बुनियादी ढांचे के विकास में रणनीतिक तेजी लाने, निवेश के अवसरों को बढ़ाने और प्रमुख जनकल्याणकारी पहलों के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘साथ ही ओडिशा की जनता की सेवा के लिए समर्पित हमारी सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में शामिल होने के लिए उन्हें सादर आमंत्रित किया। राज्य की सतत प्रगति और समग्र विकास के लिए उनके निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।’’
माझी और भाजपा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल राज्य सरकार के सत्ता में दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर अगले महीने आयोजित समारोह में शामिल होने के लिए पार्टी नेताओं, केंद्रीय मंत्रियों और अन्य लोगों को आमंत्रित करने के उद्देश्य से नयी दिल्ली में हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री के मितव्ययिता संबंधी आह्वान के अनुरूप राज्य सरकार ने इस अवसर का सादगीपूर्ण तरीके से आयोजन करने का निर्णय लिया है।
भाषा अमित माधव
माधव

Facebook


